मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना से मिली 2 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि महफूज खान के लिए बनी सहारा
कटनी (प्रबल सृष्टि) - राज्य सरकार द्वारा असंगठित श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिये वर्ष 2018 में मुख्यमंत्री जन कल्याण (संबल) योजना प्रारंभ की गई है। मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना में पंजीकृत असंगठित श्रमिकों के आंसू पोछने का काम लिया। यह योजना पंजीकृत असंगठित श्रमिकों के लिए मील का पत्थर साबित हुई है। लाभान्वित हितग्राहियों का कहना है कि प्रदेश सरकार घर के मुखिया की तरह ध्यान रखते हुए हमें संबल प्रदान कर रही है।
शासन की इस महती योजना से कटनी नगर के वंशस्वरूप वार्ड, बरगवां निवासी 53 वर्षीय महफूज खान को सहारा मिला है। महफूज खान बताते है कि वे प्राईवेट कंपनियों में छोटा मोटा कार्य करते थे तथा उनकी पत्नि श्रीमती रेहाना खान घर पर ही सिलाई कढ़ाई का कार्य करती थीं, जिससे परिवार का जीवन यापन होता था। पत्नि की बीमारी के चलते मृत्यु हो जाने के कारण परिवार पर संकट का पहाड़ टूट पड़ा तथा जीविकोपार्जन की समस्या होने लगी।
महफूज खान ने बताया कि पत्नि रेहाना खान का मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल येाजना में पंजीयन था। संबल योजना मे पंजीयन होने पर 18 नवंबर 2024 को नगर निगम कटनी कार्यालय में समस्त आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर आवेदन किये जाने पर मेरा आवेदन स्वीकृत हो गया तथा दो माह में ही 22 जनवरी 2025 को ईपीओ जारी करते हुए मेरे बैंक खाते में 2 लाख रूपये की अनुग्रह सहायता राशि अंतरित कर दी गई। यह राशि संकट की घड़ी में मेरे लिए मददगार बनेगी। शासन की इस महती योजना से लाभान्वित होने पर महफूज खान तथा उनके परिवार के सदस्य मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को हृदय से धन्यवाद ज्ञापित कर रहे है।
उल्लेखनीय है कि योजना के तहत पंजीकृत असंगठित श्रमिकों को सामान्य मृत्यु की दशा में दो लाख रुपये, दुर्घटना मृत्यु पर चार लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है।

Comments
Post a Comment