आन, बान और शान से लहराया तिरंगा, मुख्य समारोह में कलेक्टर अवि प्रसाद ने फहराया तिरंगा, झांकियों को लोगों ने सराहा
कटनी ( प्रबल सृष्टि )- राष्ट्र का 74 वां गणतंत्र दिवस जिलेभर में हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। गणतंत्र दिवस का जिले का मुख्य समारोह यहां फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड में आयोजित किया गया। जहां मुख्य अतिथि कलेक्टर अवि प्रसाद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।
श्री प्रसाद ने खुली सफेद जिप्सी में पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन के साथ परेड का निरीक्षण किया।
इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया। इस मौके पर सशस्त्र बलों ने हर्ष फायर किए तथा राष्ट्र धुन बजाई गई। कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों एवं मीसाबंदी व वृद्धआश्रम से पहुंचे वृद्धजनों को शाल श्रीफल देकर स्वागत किया गया।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने हर्ष और उत्साह के प्रतीक तिरंगे के तीन रंगों के गुब्बारे मुक्त आकाश में छोड़े। समारोह में प्लाटून द्वारा शानदार मार्च पास्ट किया गया। मार्च पास्ट में एस.ए.एफ., जिला पुलिस बल पुरुष, होमगार्ड, जिला पुलिस बल महिला और जिला होमगार्ड बल सहित एन.सी.सी. और स्कूल व कालेजों का प्लाटून शामिल था। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर उप पुलिस अधीक्षक रितेश कुमार शिव ने किया। सेकेन्ड इन कमांडर सूबेदार पुलिस लाइन संजीत रावत थे। मुख्य अतिथि श्री प्रसाद ने परेड की सलामी ली तथा मार्च पास्ट के बाद कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।
मुख्य समारोह में विधायक संदीप जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन, जिला पंचायत के सी.ई.ओ. शिशिर गेमावत, ए.डी.एम. रोमानुस टोप्पो, वन मंडलाधिकारी गौरव शर्मा मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक उद्योग अजय कुमार श्रीवास्तव ने किया।
समारोह मे पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक, दीपक टंडन सोनी, विक्रम खंपरिया, पीतांबर टोपनानी और सुरेश सोनी सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित थे।
गणतंत्र दिवस पर आयोजित जिले के मुख्य समारोह में राज्य शासन के 11 विभागों द्वारा विकास कार्यों एवं शासकीय योजनाओं पर केंद्रित आकर्षक झांकियां निकाली गई। इसमे जनजातीय कार्य विभाग की झांकी को प्रथम, महिला एवं बाल विकास विभाग की झांकी को द्वितीय और जिला पंचायत को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके अलावा जिला पुलिस, कृषि, पी.एच.ई. और यातायात पुलिस की झांकियों को भी लोगों ने खूब सराहा।
राजस्थानी नृत्य रुनझुन बाजे घुंघरू के बोल पर बार्डस्ले कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला के छात्राओं ने मनमोहक प्रस्तुति देकर लोगो को मंत्रमुग्ध कर दिया। शासकीय आदिवासी कन्या शिक्षा परिसर सरसवाही की छात्राओं द्वारा आदिवासी लोकनृत्य, सक्षम छात्रावास के दिव्यांग छात्रों द्वारा वेलकम-वेलकम तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिविल लाइन के छात्रों ने एक भारत-श्रेष्ठ भारत की शानदार प्रस्तुति की। इस मौके पर स्कूली बच्चों के द्वारा पी.टी. का प्रदर्शन भी किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रतियोगिता मे दिव्यांग छात्रों के सक्षम छात्रावास के छात्रों ने पहला स्थान हासिल किया, वहीं बार्डस्ले उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिंदी माध्यम को द्वितीय और शासकीय आदिवासी कन्या शिक्षा परिसर सरसवाही को तृतीय स्थान मिला।
जबकि परेड प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में नगर सेना होमगार्ड को पहला, विशेष सशस्त्र बल को दूसरा और जिला पुलिस महिला बल को तीसरा स्थान मिला। इसके अलावा जूनियर वर्ग में परेड के लिए शासकीय तिलक कॉलेज एन.सी.सी. पुरुष को प्रथम, शासकीय कन्या महाविद्यालय कटनी को द्वितीय एवं मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल को तृतीय स्थान हासिल हुआ।
Comments
Post a Comment