कटनी ( प्रबल सृष्टि )- सीएम हेल्पलाइन के संतुष्टिपूर्ण निराकरण के मामले में कटनी जिला प्रदेश के तीन अग्रणी जिलों में शामिल है। राज्य शासन के लोकसेवा प्रबंधन विभाग द्वारा गुरूवार को प्रदेश के जिलों को प्राप्त सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण, पर्यवेक्षण व अनुश्रवण की समीक्षा के बाद कटनी जिले ने प्रदेश में ओवर ऑल तीसरा स्थान अर्जित किया है। जिलावार ग्रेडिंग के लिए प्रथम समूह में शामिल प्रदेश के जिलों में जबलपुर प्रथम, छिंदवाड़ा द्वितीय और कटनी ने तृतीय स्थान हासिल किया है।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण के मामले में कटनी जिले की ये अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है, जो कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के मार्गदर्शन और निरंतर पर्यवेक्षण की वजह से हासिल हुई है। विदित हो कि शिकायतों के निराकरण के लिए कलेक्टर श्री मिश्रा व्यक्तिगत रूचि लेकर प्रत्येक मंगलवार को जनसुनवाई के अलावा शिकायतों के निराकरण के स्थानीय समाधान के माध्यम से शिकायतकर्ता के समक्ष ही शिकायतों का स्वयं संतुष्टिपूर्ण निराकरण करते हैं।
लोकसेवा प्रबंधक दिनेश विश्वकर्मा द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक जिले में सितम्बर माह में 6 हजार 731 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इसमें से 44.27 वेटेज के साथ शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया गया। सभी पहलुओं को मिलाकर जिले का ओवर ऑल वेटेज स्कोर 77.18 रहा। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने जिले की इस उपलब्धि के लिए शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों की लगनशीलता की सराहना की है। साथ ही अगले माह और बेहतर कार्य कर अव्वल आने की बात कही है।
ऊर्जा विभाग अव्वल
सीएम हेल्पलाइन की संतुष्टिपूर्ण शिकायतों के निपटारे के मामले में कटनी जिले के ऊर्जा विभाग को प्रथम समूह के 26 जिलों में पहला स्थान हासिल हुआ है। जबकि द्वितीय समूह के जिलों में कटनी पुलिस को चौथा स्थान मिला है। पुलिस को सितम्बर माह में 878 शिकायतों में से 55.22 वेटेज स्कोर के साथ संतुष्टिपूर्ण निराकरण कर ‘ए’ ग्रेड हासिल किया। पुलिस विभाग का कुल वेटेज स्कोर 93.27 रहा। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन ने इस उपलब्धि के लिए पुलिस कर्मियों को शाबासी दी है।
कटनी जिले के इतिहास में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के मार्गदर्शन में अर्जित यह अब तक की सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि है। जहां अधिकारियों, कर्मचारियों ने पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया।

Comments
Post a Comment