कटनी ( प्रबल सृष्टि) खमरिया स्थित शासकीय स्कूल का छप्पर गिरने से सात बच्चे घायल होने की घटना के बाद हड़कम्प की स्थिति निर्मित हो गयी। सभी विद्यार्थी कक्षा 8वीं के बताये जाते हैं। बताया जाता है कि घटना के बाद लोगों ने 100 डायल को फोन किया मगर कई घंटे इंतजार करने के बाद भी पुलिस का वाहन मौके पर नहीं पहुंचा। घटना के बाद प्राचार्य सनत पटेल समेत अन्य स्टाफ के लोग पहुंच गये थे। घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार भी मुहैया कराया गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बाकल समीपस्थ एकीकृत शाला शासकीय हाई स्कूल खम्हरिया की सर्व शिक्षा अभियान के तहत वर्ष 2007 - 08 में बनाये गये भवन का प्लास्टर अचानक यहां से गुजर रहे विद्यार्थियों पर गिर पड़ा। प्लास्टर गिरने से कक्षा आठवीं के प्रभात पटेल, रोहित पटेल, रंजीत साहू, संध्या, बहादुर सिंह, राधा विजय कुमार, संदीप पटेल घायल हुए हैं।
अस्पताल ले जाने के लिये नहीं मिला वाहन
बताया जाता है कि प्रातः 11.15 बजे प्लास्टर गिरने की घटना के बाद दोपहर 1 बजे तक अस्पताल पहुंचाने के लिये कोई वाहन मुहैया नहीं कराया जा सका। इस संबंध में मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहोरीबंद ले जाया गया जहां पर बच्चों का इलाज किया गया।
220 बच्चे अध्ययनरत हैं
शासकीय हाई स्कूल खमरिया में लगभग 220 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। जानकारी के मुताबिक घटना के समय शिक्षकों की कमी के चलते कक्षा आठवीं में बगैर शिक्षक के 30 छात्र कमरे में बैठकर अध्ययन कर रहे थे। 11.15 घटना के बाद चीख पुकार मच गया। घबराहट में बच्चे प्राचार्य के रूम की तरफ भागे। घटना की जानकारी मिलने के बाद नायब तहसीलदार ऋषि गौतम, बीईओ अशोक झारिया भी मौके पर पहुंच गये थे।
Comments
Post a Comment