जागृति पार्क में भारत माता के जयकारों के बीच 100 फीट ऊंचे तिरंगे को फहराया गया, विधायक ने कहा जन सहयोग से कराए जाएंगे अन्य कार्य
कटनी - शहर के ऑक्सीजन टैंक कहे जाने वाले माधवनगर स्थित जागृति पार्क में आजादी के अमृत महोत्सव अंतर्गत 100 फीट ऊंचा तिरंगा स्वतंत्रता दिवस पर फहराया गया। पर्यावरण विकास संधारण समिति ने पार्क में कार्यक्रम का आयोजन किया। ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान मुख्यातिथि के रूप में मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने की।
अतिथियों ने देश के शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण किया और उसके बाद भारत माता के जयकारों के बीच 100 फीट ऊचे तिरंगे को मशीन के जरिए फहराया गया। विशाल तिरंगे के साथ ही लगाए गए दो पोल में रात को आकर्षक लाइटिंग भी की गई। विशाल तिरंगे का निर्माण पार्क का संचालन करने वाली पर्यावरण विकास संधारण समिति द्वारा मुंबई की एक कंपनी के कराया गया है। जिसमें सुरक्षा को लेकर ऊपरी हिस्से में लाल लाइट के साथ तडि़त चालक भी लगाया गया है।
इस अवसर पर विधायक संदीप जायसवाल ने कहा कि पार्क के साथ ही तिरंगा स्थल के आसपास अन्य कार्य जनसहयोग से कराए जाएंगे। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि जो कार्य तन, मन और धन के साथ शुरू किया जाता वो इसी तरह पार्क के रूप में दिखाई देता है, जो उदाहरण के लिए आप सभी के सामने है। कार्यक्रम को पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने भी संबोधित किया।
इस दौरान पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी, पूर्व विधायक सरोज नायक, निवर्तमान महापौर शशांक श्रीवास्तव, समाजसेवी निरंजन पंजवानी सहित अन्य जन मौजूद थे।
Comments
Post a Comment