मेधावी विद्यार्थियों के सपनों को मिली नई उड़ान, मुख्यमंत्री ने कटनी के 1737 छात्रों के खातों में अंतरित किए 4.34 करोड़ रुपए, लैपटॉप खरीदने के लिए प्रत्येक विद्यार्थी को मिली 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि
कटनी (प्रबल सृष्टि) प्रतिभा को प्रोत्साहन और विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के संसाधनों से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार की प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत मंगलवार को कटनी जिले के 1737 मेधावी विद्यार्थियों के बैंक खातों में प्रति विद्यार्थी 25 हजार रुपए की राशि अंतरित की गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह से विद्यार्थियों के खातों में यह राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। जिले के विद्यार्थियों को कुल 4 करोड़ 34 लाख 25 हजार रुपए की राशि का लाभ मिला। इस अवसर पर शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माधवनगर, कटनी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भोपाल में आयोजित मुख्य समारोह का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संबोधन सहित सीधा प्रसारण देखा और सुना। मुख्यमंत्री द्वारा विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने, तकनीक का सदुपयोग करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया। लैपटॉप के लिए मिली प्रोत्साहन राशि से विद्यार्थियों को...