कटनी (प्रबल सृष्टि) नगर निगम क्षेत्र में व्याप्त जनसमस्याओं, निर्माण कार्यों में अनियमितताओं, वर्षों से लंबित योजनाओं, भ्रष्टाचार एवं वित्तीय अनियमितताओं तथा मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति के विरोध में मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस द्वारा नगर निगम कटनी के सामने अनूठा प्रदर्शन करते हुए विशाल महाघेराव किया गया।
महाघेराव का नेतृत्व प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया ने किया एवं कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश युवा कांग्रेस सचिव दिव्यांशु मिश्रा अंशु एवं जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने किया। हजारों की संख्या में युवा कार्यकर्ता एवं आम नागरिक रैली के रूप में नगर निगम पहुंचे एवं “चार साल कटनी शहर बदहाल” के नारे के साथ भाजपा महापौर के ख़िलाफ़ जमकर नारेबाजी की। नगर निगम के सामने पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग कर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप नकली नोटों की गड्डियों से भरा सूटकेस नगर सरकार को सौंपा और भ्रष्टाचार एवं कमीशनखोरी के आरोप जड़े, वहीं जल सप्लाई दोनों टाइम की मांग पर महिला कार्यकर्ताओं ने मटके फोड़कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उग्र तब हुई जब प्रदेश अध्यक्ष समेत युवा कांग्रेस नेता जनता की बात अधिकारियों तक रखना चाह रहे थे और कोई भी संबंधित अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, तब कार्यकर्ता नगर निगम गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और बैठकर नारेबाजी करने लगे।
महाघेराव में उठे प्रमुख मुद्दे
बदहाल सड़कें: गड्ढों से मुक्ति एवं गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण की मांग।
जल संकट: पर्याप्त जलापूर्ति एवं दो समय पानी उपलब्ध कराने की मांग।
कांजी हाउस: गौवंश की सुरक्षा, भोजन, पानी, चिकित्सा एवं स्वच्छता व्यवस्था की जांच।
सीवर प्रोजेक्ट: वर्षों की देरी एवं निर्माण गुणवत्ता की उच्चस्तरीय जांच।
IHSDP आवास: पात्र गरीब परिवारों को आवास एवं अपात्र कब्जों की जांच।
योजना क्रमांक 2: 132 हितग्राहियों को वर्षों से लंबित भूखंडों का कब्जा दिलाने की मांग।
योजना क्रमांक 15: लगभग 20.50 एकड़ अधिग्रहित भूमि के प्रकरण में भाजपा विधायक संजय पाठक एवं उनके परिवार से संबंधित कंपनियों/व्यक्तियों के नाम से जुड़े कथित भूमि लेन-देन एवं कब्जे की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच तथा अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई की मांग।
योजना क्रमांक 6: लगभग 11,000 वर्गफुट आरक्षित भूमि से जुड़े कथित अतिक्रमण/अनियमितता की जांच।
योजना क्रमांक 17: भूखंड विक्रय प्रकरण में जांच रिपोर्ट के आधार पर FIR एवं कानूनी कार्रवाई की मांग।
MSW कंपनी: कचरा व्यवस्था, वाहनों की खरीद एवं टेंडर प्रक्रिया की उच्चस्तरीय जांच।
सिटी बस: शहर में बस सेवा पुनः प्रारंभ करने की मांग।
मल्टीलेवल पार्किंग व चौपाटी: अधूरे कार्य तत्काल पूरे किए जाएं।
आउटसोर्स कर्मचारी: कर्मचारियों की संख्या, उपस्थिति, भुगतान एवं कार्यस्थल की भौतिक जांच।
अंग्रेजी माध्यम स्कूल: घोषित स्कूलों को शीघ्र प्रारंभ करने की मांग।
बजरंग कॉलोनी: झूलते विद्युत तारों एवं असुरक्षित विद्युत व्यवस्था का तत्काल समाधान।
महापौर जनसुनवाई: को बंद करने के बजाय जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
चार साल की नगर सरकार
युवा कांग्रेस ने कहा कि निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में महापौर निर्वाचित हुईं प्रीति सूरी बाद में भाजपा में शामिल हुईं और नगर सरकार के चार वर्ष पूरे हो चुके हैं। संगठन का आरोप है कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए विकास के वादों के बावजूद सड़क, पानी, सीवर, सफाई, पार्किंग एवं अन्य मूलभूत समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हुआ और शहर बदहाली की ओर गया।
युवा कांग्रेस ने मांग की कि ज्ञापन में उठाए गए सभी मामलों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच, आवश्यकतानुसार थर्ड पार्टी तकनीकी एवं वित्तीय ऑडिट, दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई तथा सभी लंबित कार्यों की समयबद्ध कार्ययोजना सार्वजनिक की जाए।
युवा कांग्रेस ने कहा कि जनता के टैक्स का पैसा जनता की सुविधाओं पर खर्च होना चाहिए और प्रत्येक योजना एवं निर्माण कार्य में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करना नगर निगम की जिम्मेदारी है। जल्द सभी बिंदुओं पर कार्यवाही न होने पर चरणबद्ध आंदोलन किए जाएंगे, जिसकी जिम्मेदार नगर भाजपा सरकार होगी।
महाघेराव के दौरान मुख्य रूप से पूर्व विधायक बसंत सिंह,जालिम यादव,राजा जगवानी,वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल पांडे,मौसूफ अहमद बिट्टू, मनोज गुप्ता, विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष सचिन गर्ग, आईटी प्रदेश उपाध्यक्ष शशांक गुप्ता, सूर्यकांत कुशवाहा, सुरेंद्र राणा, अनुराग दहिया, राजीव पटेल, आदित्य कटारे,चोखे भाईजान, विनीत जायसवाल, मनोज गुप्ता, मुकेश यादव, राहुल पटरिया,अजय खटीक, शशांक गुप्ता, संतोष यादव, दानिश अहमद, सूर्यकांत कुशवाहा, राजा जगवानी, अभिषेक प्यासी, सुरेंद्र राणा, प्रशांत सिन्हा, राघवेन्द्र सिंह, बसंत दिवेदी, आदित्य कटारे, प्रिंस वंशकार, रवि जायसवाल, सुनील कुशवाहा, ब्रजेश यादव आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



Comments
Post a Comment