कटनी जिले के 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित, 10वीं के परीक्षा परिणाम में कटनी जिले की ऊंची छलांग, निजी स्कूलों से बेहतर रहा शासकीय स्कूलों का परीक्षा परिणाम
कटनी (प्रबल सृष्टि) - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के समत्व भवन से बुधवार को माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं की आयोजित परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए। इसमें कटनी जिले के छात्र-छात्राओं ने अभूतपूर्व प्रदर्शन किया। कटनी जिले का इस साल का दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 84.42 फीसदी रहा। जो पिछले वर्ष से 3 प्रतिशत अधिक है। इस वर्ष जिले की प्रदेश में रैंक 11 वीं है। जबकि पिछले वर्ष 17वीं रैंक थी। जबकि बारहवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 79.58 प्रतिशत रहा। 12वीं के परीक्षा परिणाम के नजरिये से इस साल प्रदेश की मेरिट में जिले का 27वां स्थान है।
परीक्षा की तैयारी के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा प्राचार्यों की नियमित अंतराल पर ली गई समीक्षा बैठकों के साथ-साथ छात्रों के लिए परीक्षा के एक माह पहले से सक्सेस 3.0 के तहत प्रतिदिन परीक्षा की तैयारी कराने से बेहतर परिणाम की सफलता मिली है। यह सभी प्रश्न पत्र शासकीय विद्यालयों के शिक्षकों के द्वारा तैयार कर स्कूलों में भेजे जाते थे। इसी मापदंड के आधार पर छात्रों को अध्ययन, अध्यापन कराने से सफलता मिली है। परीक्षा परिणाम की बेहतरी के लिए कलेक्टर श्री तिवारी ने सदैव शिक्षा अधिकारियों, शिक्षकों और प्राचार्यों को छात्रों को पढ़ाई हेतु निरंतर प्रेरित और प्रोत्साहित करते रहने की बात कहते रहे हैं।
कटनी जिले को मिली बड़ी कामयाबी
पिछले साल का कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम जहां 81.13 फीसदी रहा था, वहीं इस वर्ष यह परिणाम बढ़ कर अब 84.42 प्रतिशत हो गया है। इस प्रकार 10वीं के परीक्षा परिणाम में कुल 3.29 फीसदी की वृद्धि हुई है।
जबकि कटनी जिले के बारहवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में बीते साल की तुलना में 2.81 फीसदी की कमी हुई है। इस साल 12 वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 79.58 प्रतिशत रहा, जो पिछले साल के परीक्षा परिणाम 82.39 प्रतिशत से कम है।
राज्य के परीक्षा परिणाम से बेहतर है कटनी का रिजल्ट
बोर्ड परीक्षाओं के राज्य के औसत परीक्षा परिणामों की तुलना में कटनी जिले का 10वीं और 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम कहीं बेहतर है। कक्षा 10वीं की परीक्षा में राज्य का औसत परीक्षा परीणाम 73.42 प्रतिशत रहा। जबकि कटनी जिले का 10वीं कक्षा का परिणाम 84.42 फीसदी है। इस प्रकार राज्य की तुलना में जिले के परीक्षा परिणाम से 11 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
इसी प्रकार कक्षा 12वीं में राज्य का औसत परीक्षा परिणाम 76.01 फीसदी है। जबकि कटनी जिले का परीक्षा परिणाम 79.58 फीसदी है, जो राज्य के कक्षा 12 वीं के औसत परीक्षा परिणाम से 3.57 फीसदी अधिक है।
कलेक्टर ने दी बधाई
कलेक्टर श्री तिवारी ने 10वीं व 12वीं की परीक्षा पास करने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों और अध्यापकों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने परीक्षा मे सफल हुए सभी छात्रों के परिश्रम और लगन की सराहना करते हुए कहा कि ये सभी छात्र कटनी जिले का स्वर्णिम भविष्य है।
असफल छात्र न हो निराश
कलेक्टर ने कहा है कि जिन छात्रों के अंक परीक्षा में कम आये है या फिर किसी कारण से वे परीक्षा से असफल हो गए है उन्हे निराश और हताश होने की जरूरत नहीं है। कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि बेसक असफलता निराश और दुखी करती है लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आप आगे कुछ और नहीं कर सकते। असफलता से ही सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। इसलिए असफल छात्र धैर्य और साहस बनाये रखें और कड़ी मेहनत कर इतिहास रच दें।
बताते चलें कि बुधवार को घोषित परीक्षा परिणाम में कटनी जिले की 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में राज्य स्तर पर 11वां स्थान है। वहीं 12 वीं कक्षा के परिणाम के मामले में कटनी जिले की प्रदेश में 27वीं रैंक है।
निजी स्कूलों से बेहतर रहा शासकीय स्कूलों का परीक्षा परिणाम
माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं और 12वीं का बुधवार को घोषित किये गये परीक्षा परिणाम के मुताबिक कटनी जिले के शासकीय स्कूलों का परीक्षा परिणाम निजी स्कूलों की तुलना में बेहतर रहा। कटनी जिले के शासकीय स्कूलों का कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम जहां 84.42 प्रतिशत रहा वहीं अशासकीय व निजी स्कूलों का परीक्षा परिणाम 74.56 प्रतिशत रहा। इस प्रकार सरकारी स्कूलों का परिणाम निजी स्कूलों की तुलना में 9.86 फीसदी अधिक रहा। इसी प्रकार कक्षा 12 वीं के शासकीय स्कूलों का परीक्षा परिणाम 81.72 फीसदी रहा वहीं निजी स्कूलों का परीक्षा परिणाम 73.96 प्रतिशत रहा। इस प्रकार कक्षा 12वीं में भी शासकीय स्कूलों ने बाजी मारी। इस प्रकार सरकारी स्कूलों का परिणाम निजी स्कूलों की तुलना में 7.76 फीसदी अधिक है।


Comments
Post a Comment