मामला क्रिकेट सट्टा, हवाला की रकम इधर से उधर करने का, कर्मचारी के खाते में करोड़ों के लेनदेन का आरोपी दो दिन की पुलिस रिमांड पर
कटनी। थाना माधवनगर अंतर्गत एक साड़ी व्यापारी आरोपी योगेश बजाज द्वारा अपने कर्मचारी के नाम से बैंक खाता खुलवाकर बड़े पैमाने पर रुपयों का संदिग्ध लेनदेन करने के मामले में पुलिस ने योगेश को मंगलवार को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया, आरोपी को 19 फरवरी तक पीआर पर लिया गया है।
पुलिस कर रही बैंक स्टेटमेंट की जांच
पुलिस ने आरोपी योगेश बजाज के कर्मचारी अमित दाहिया (29 वर्ष), पिता भल्लू दाहिया, निवासी जुहली के बैंक खाते का स्टेटमेंट निकलवाया है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता कर रही है कि खाते में आया कितना रुपया व्यापार से संबंधित है व कितना क्रिकेट के बैटिंग सट्टे का। बैंक एकाउंट की जांच के बाद कई अन्य लोग भी इसकी जद में आने वाले हैं, क्योंकि जिन व्यापारियों ने इस खाते में रुपए भेजे व इस खाते से प्राप्त किए, उनसे भी पूछताछ कर स्थिति स्पष्ट की जाएगी। दूसरी ओर जो संदिग्ध लेन-देन है और क्रिकेट सट्टा से या हवाला आदि से जुड़ा है उसकी जांच के आधार पर पुलिस क्रिकेट सट्टा व हवाला से जुड़े आरोपियों तक पहुंच सकती है। बहरहाल साड़ी व्यापारी योगेश बजाज के कर्मचारी अमित खाते की जांच से कई दूसरे लोगों की नींद उड़ी हुई है।
यह है मामला
आरोपी योगेश बजाज ने अपने कर्मचारी अमित दाहिया (29 वर्ष), पिता भल्लू दाहिया के नाम से खाता खुलवाया था। जिसका उपयोग योगेश कर रहा था। इस खाते में करोड़ों का लेनदेन किया गया। पुलिस ने अमित की शिकायत पर योगेश बजाज के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4) और 319 (2) के तहत अपराध क्रमांक 148/26 दर्ज किया है।
इनका कहना है
आरोपी योगेश बजाज को मंगलवार को कोर्ट में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। कर्मचारी अमित के नाम से खोले गए खाते में करोड़ों के लेनदेन के संबंध में उससे पूछताछ की जाएगी। यह रुपया व्यापार, बैटिंग एप व हवाला का हो सकता है।
संजय दुबे, माधवनगर थाना प्रभारी

Comments
Post a Comment