कटनी। एक बार फिर क्रिकेट का सट्टा शुरू हो गया है, माधवनगर पुलिस ने एक सटोरिये को टी- 20 की हर बॉल पर सट्टा का दांव लगाते हुए दबोचा है। उसके कब्जे से एक मोबाइल और कुछ नगदी भी जब्त की गई है। हालांकि अभी तक पुलिस ने इस खेल के मास्टरमाइंड को नहीं पकड़ा है जिससे पुलिस की इस कार्रवाई को अधूरा माना जा रहा है।
यह कार्रवाई की गई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एमईएस माधवनगर (वैभव आइसक्रीम के पास वाली गली) में मोबाइल ऐप के जरिए क्रिकेट का बड़ा सट्टा संचालित हो रहा है। टीम ने जब दबिश दी, तो वहां टी-20 मैच की हर गेंद और ओवर पर सट्टे की बुकिंग की जा रही थी। पुलिस ने मौके से आरोपी ईशान्त फेरवानी (20 वर्ष) निवासी हॉस्पिटल लाइन को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से सट्टा बुक करने में प्रयुक्त एक मोबाइल (कीमत 20,000 रुपए) और 2,500 रुपए नगद जब्त किए। जांच में अजय थारवानी (निवासी मानसरोवर कॉलोनी) का नाम भी सामने आया है। पुलिस ने अपराध क्र. 118/26 के तहत सट्टा एक्ट की धारा 4 (क) और बीएनएस की धारा 49 के तहत मामला दर्ज किया है।
मास्टर माइंड कहां हैमामले को लेकर चर्चा है कि गिरफ्तार युवक केवल लाइन ऑपरेट कर रहा था। सट्टे की मुख्य आईडी और पैसों का बड़ा लेन-देन किसी बड़े सट्टा किंग के इशारे पर किया जा रहा है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी के मोबाइल रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि मास्टरमाइंड तक पहुंचा जा सके।
क्रिकेट सट्टे के मामले में देश भर में बदनाम
क्रिकेट सट्टा के मामले में कटनी देश भर में बदनाम रहा है, यहां का एक व्यक्ति दुबई में बैठकर बड़े पैमाने पर यहां सट्टा खिलाता रहा है। पूर्व में पुलिस की सटोरियों के साथ जनभागीदारी के चलते लाखों के बारे-न्यारे हुए, फिलहाल वह सट्टा किंग गिरफ्तार करने के बाद जेल भेजा जा चुका था। अब टी-20 क्रिकेट सट्टा पकड़े जाने से पुलिस को तह तक जाने की जरूरत है।


Comments
Post a Comment