क्रिकेट सट्टे से जुड़े 11.94 करोड़ के वित्तीय लेनदेन मामले में एसआईटी ने की गिरफ्तारी, आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है
कटनी (प्रबल सृष्टि) ऑनलाइन गेमिंग और क्रिकेट सट्टे से जुड़े करीब 11.94 करोड़ रुपये के बड़े मनी ट्रेल की जांच कर रही विशेष जांच टीम एसआईटी ने मंगलवार को शिकंजा कसते हुए कटनी कम्प्यूटर्स के संचालक विजय भैरवानी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले बैंक खातों के जरिए करीब 50 लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन किया गया। जब पुलिस ने इस रकम के स्त्रोत और उपयोग का ब्योरा मांगा, तो आरोपी कोई संतोषजनक जवाब या हिसाब नहीं दे सका। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में गठित एसआईटी इस पूरे वित्तीय नेटवर्क की कडियों को खंगाल रही है। जांच के दायरे में विजय भैरवानी, उनके कर्मचारियों के बैंक खाते, संबंधित व्यावसायिक फर्मे, जीएसटी और उद्योग विभाग से जुड़े रिकॉर्ड शामिल हैं। जांच पड़ताल में यह तथ्य सामने आया कि जिन बैंक खातों का मुख्य उपयोग कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए किया जा रहा था, उन्हीं खातों में अलग-अलग माध्यमों से करीब 50 लाख रुपये का अतिरिक्त ट्रांजैक्शन दर्ज हुआ। वेतन का रिकॉर्ड तो बैंक में मिला लेकिन इस अतिरिक्त 50 लाख रुपये के आने और आगे भेजे जाने के संबंध में विजय भैरवानी कोई वैध हिसाब पेश नहीं कर सका।
11.94 करोड़ के वित्तीय लेनदेन मामले में एसआईटी ने की पहली गिरफ्तारी
उक्त रकम के सीधे तौर पर क्रिकेट सट्टे से जुड़े होने की पुख्ता आशंका के आधार पर पुलिस ने उसे आरोपी बनाते हुए हिरासत में ले लिया। हाईकोर्ट के आदेश के बाद बनाई गई एसआईटी इस प्रकरण की जांच में तेजी से जुटी हुई थी। एसआईटी ने जांच के दौरान विजय भैरवानी के भाई दीपक भैरवानी को भी नोटिस जारी किया था और सट्टे के कारोबार में संलिप्त होने की आशंका पर पूछताछ की थी। बयान दर्ज किए थे।
11.94 करोड़ के मनी ट्रेल की गहराई से पड़ताल
एसआईटी की यह कार्रवाई ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के उस नेटवर्क पर केंद्रित है, जिसमें अब तक 11.94 करोड़ रुपये के व्यापक वित्तीय लेनदेन मनी ट्रेल की पुष्टि हो चुकी है। इसी कड़ी में पूर्व में विजय भैरवानी के भाई दीपक भैरवानी को भी नोटिस जारी कर पूछताछ की जा चुकी है और बैंक खातों के संचालन संबंधी इनपुट्स जुटाए गए हैं। विजय भैरवानी की गिरफ्तारी के बाद अब एसआईटी इस बात की पड़ताल में जुटी है कि इन खातों में पैसा किन स्रोतों से आया और आगे किन. किन खातों में भेजा गया। पुलिस फर्मों के लेनदेन, जीएसटी रिटर्न और उद्योग विभाग के दस्तावेजों का तकनीकी विश्लेषण कर रही है। माना जा रहा है कि इस गिरफ्तारी के बाद सट्टा सिंडिकेट से जुड़े कई अन्य चेहरों और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।
इनका कहना है
ऑनलाइन गेमिंग और क्रिकेट सट्टे के पैसे को ठिकाने के मास्टर माइंड विजय भैरवानी से पूछताछ की जा रही है। संभवतः इसमे आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है। आरोपी को न्यायालय में पेश करते हुए रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
- अभिनय विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक

Comments
Post a Comment