तपसी मठ ईंट और पत्थरों से निर्मित एक विशाल मठ है, जिसमें मंदिर, बावड़ी सहित विभिन्न वास्तु खंड विद्यमान हैं, कलेक्टर एसपी ने किया निरीक्षण
कटनी (प्रबल सृष्टि) - मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर आशीष तिवारी ने बिलहरी स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल तपसी मठ का निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी अभिनव विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम कटनी जीतेन्द्र पटेल सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ईंट-पत्थरों से निर्मित है विशाल तपसी मठ
निरीक्षण के दौरान तपसी मठ के साइड इंचार्ज संतोष गुप्ता ने कलेक्टर श्री तिवारी को मठ के ऐतिहासिक एवं वास्तुकला संबंधी महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तपसी मठ ईंट और पत्थरों से निर्मित एक विशाल मठ है, जिसमें मंदिर, बावड़ी सहित विभिन्न वास्तु खंड विद्यमान हैं। मठ की परिधि में अनेक जैन एवं हिन्दू देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी स्थित हैं।
उत्तर मध्यकालीन स्थापत्य कला की झलक
साइड इंचार्ज ने बताया कि मठ में स्थित मंदिर भवन उत्तर मध्यकालीन काल का है, जिसमें गर्भगृह निर्मित है। मूल रूप से मंदिर में एक स्तंभित मंडप भी रहा है। मंदिर में तोरण एवं कंगूरे जैसे स्थापत्य तत्व दिखाई देते हैं। वहीं मंदिर के ऊपरी भाग में बुन्देल कला से प्रेरित स्थापत्य संरचनाएं भी विद्यमान हैं, जो इसकी ऐतिहासिक एवं कलात्मक विशेषता को दर्शाती हैं।
कलचुरी काल से मध्यकाल तक के अवशेष
तपसी मठ से प्राप्त पुराअवशेषों के आधार पर यह अनुमान लगाया जाता है कि इस स्थल पर कलचुरी काल से लेकर मध्यकाल तक के ऐतिहासिक अवशेष विद्यमान रहे हैं। इस दृष्टि से तपसी मठ धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने मठ के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि तपसी मठ एवं इसके आसपास की स्वच्छता व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए।


Comments
Post a Comment