संत कंवरराम वार्ड की बंगाली कॉलोनी में आवागमन एवं जल निकासी की सुविधा होगी सुगम, महापौर श्रीमती सूरी की मौजूदगी में सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का हुआ भूमिपूजन संपन्न
कटनी (प्रबल सृष्टि)-नगर के संतकवर राम वार्ड अंतर्गत बंगाली कॉलोनी में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर पालिक निगम कटनी द्वारा स्वीकृत सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं स्थानीय पार्षद श्री गोविंद चावला की विशेष मौजूदगी में किया गया।
नगर विकास की इस सौगात के कार्यक्रम के दौरान मेयर इन काउंसिल सदस्य सर्व श्री डॉ रमेश सोनी, सुभाष साहू, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चमनलाल आनंद, पूर्व पार्षद राजकुमार माखीजा महेश होतवानी, मंडल महामंत्री सतीश मोटवानी, समाजसेवी मोहनलाल नागवानी, सोनल आडवाणी, खुख्खू राय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की काफी संख्या में गरिमामई मौजूदगी रही।
नागरिक सुविधाओं के विकास हेतु नगर निगम प्रतिबद्ध : महापौर
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमहापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में नागरिक सुविधाओं के विकास हेतु नगर निगम प्रतिबद्ध है। सड़क एवं नाली जैसी मूलभूत सुविधाएं किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला होती हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से बंगाली कॉलोनी के रहवासियों को बेहतर आवागमन के साथ-साथ जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलेगी।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर निगम द्वारा वार्डों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लगातार अधोसंरचनात्मक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इससे नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार के साथ-साथ क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो रहा है
इन स्थलों में होंगे विकास कार्य
भूमिपूजन के तहत संतकवर राम वार्ड स्थित बंगाली कॉलोनी में प्रीति इलेक्ट्रॉनिक्स से माता मंदिर होते हुए सामुदायिक भवन तक 28.66 लाख रुपये की लागत से सी.सी. रोड निर्माण कार्य तथा 16.06 लाख रुपये की लागत से सी.सी. नाली निर्माण कार्य कराया जाएगा। दोनों कार्यों पर कुल लगभग 44.72 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी।
आवागमन एवं जल निकासी सुविधा होगी सुगम
क्षेत्रीय पार्षद श्री गोविंद चावला ने बताया कि लंबे समय से अपेक्षित इन निर्माण कार्यों के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर निगम एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम होगा तथा वर्षाकाल के दौरान जलभराव और गंदे पानी की निकासी संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकेगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में निगम के अधिकारी-कर्मचारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन क्षेत्र के सर्वांगीण विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार के संकल्प के साथ हुआ।

Comments
Post a Comment