Skip to main content

रियायती दरों पर पुस्तक,कॉपी और यूनिफार्म खरीदने छात्रों और अभिभावकों का लगा रहा तांता, अभिभावकों ने कहा -पुस्तक मेला का आयोजन जिला प्रशासन का सराहनीय कदम

कटनी (प्रबल सृष्टि) - स्कूली बच्चों और अभिभावकों को रियायती दरों पर पुस्तककॉपी एवं यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने सुभाष चौक स्थित साधुराम स्कूल परिसर में आयोजित किया गया तीन दिवसीय  पुस्तक और गणवेश मेला का सोमवार को समापन हो गया। कलेक्टर आशीष तिवारी की पहल पर आयोजित हुये यहां के पुस्तक और गणवेश मेला को चिलचिलाती धूप और तेज गर्मी के बावजूद छात्रोंअभिभावकों और दुकानदारों से  बेहतर प्रतिसाद मिला।


     यहां तीन दिनी पुस्तक मेला के अंतिम दिन सोमवार को  वाजिब कीमत पर मिल रही पुस्तकों और बड़ी छूट के साथ मिल रही कापियोंगणवेश एवं स्कूल उपयोगी स्टेशनरी खरीदने अभिभावकों ,पालकों और छात्र -छात्राओं की भीड़ उमड़ पड़ी । मेला प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित किया गया।

      पुस्तक मेला में अपने बच्चे नाजिया और शादाब के लिए पुस्तककॉपियां एवं यूनिफॉर्म खरीदने अपने परिवार के साथ पहुंचे अक़बर खान ने  बताया कि बाजार में खरीदी करते समय अनेकों दुकानों में भटकना पड़ता था और उसके बाद भी बड़ी मुश्किल से उचित रेट पर सामग्री प्राप्त हो पाती थी। बाजार में दर-ब-दर भटकने के कारण छोटे-छोटे बच्चे भी परेशान हो जाते थे और खरीददारी में कठिनाई होती थी। जिला प्रशासन द्वारा  आयोजित पुस्तक मेला  में  एक ही स्थान पर रियायती दरों पर सभी शैक्षणिक सामग्रियों की खरीदी बड़े आराम से हो गई। वहीं द्वारिका सिटी कॉलोनी निवासी कंचन अग्रवाल बताती है कि उन्होंने अपने बच्चे के लिए एलकेजी और चौथी कक्षा की पुस्तकें और स्कूल बैग खरीदे हैं। उन्होंने पुस्तक मेला के आयोजन के लिए जिला प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया।


          कलेक्टर आशीष तिवारी की पहल पर आयोजित पुस्तक मेला में नवाचार के तौर पर लगाया गया शिक्षा विभाग का  बुक बैंक  स्टॉल लगातार आकर्षण का केंद्र बना रहा।

          साथ ही पुस्तक मेला स्थल में विभिन्न स्कूलों के छात्रों द्वारा प्रस्तुत किया गया मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी जनाकर्षण का केंद्र रहा।

Comments