प्रधानमंत्री आवास योजना में तेजी लाने मैदानी अमला सक्रिय, ग्राम पंचायत अमाड़ी में अपूर्ण आवासों का किया निरीक्षण, बंद पड़े आवास निर्माण कार्यों के हितग्राहियों को नोटिस चस्पा, विकासखंड समन्वयक एवं सेक्टर सुपरवाइजर गांवों में पहुंचकर हितग्राहियों से कर रहे संवाद
कटनी (प्रबल सृष्टि)- प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को समय पर पक्के आवास उपलब्ध कराने और लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए जिला पंचायत कटनी द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिला पंचायत सीईओ सुश्री हर सिमरनप्रीत कौर के निर्देशानुसार योजना की प्रगति में तेजी लाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायतों में विशेष निरीक्षण एवं मैदानी मॉनिटरिंग की जा रही है।
इसी क्रम में जनपद पंचायत बहोरीबंद की ग्राम पंचायत अमाड़ी, धुरी एवं अन्य ग्राम पंचायतों में अपूर्ण प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान लंबे समय से बंद पड़े आवास निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया तथा संबंधित हितग्राहियों को आवास निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर पूर्ण कराने के लिए नोटिस चस्पा किए गए।
जिला पंचायत सीईओ के निर्देश पर विकासखंड समन्वयक एवं सेक्टर सुपरवाइजर लगातार ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर रहे हैं। इस दौरान वे निर्माणाधीन एवं अपूर्ण आवासों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करने के साथ हितग्राहियों से सीधे संवाद कर रहे हैं। हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए अधूरे आवासों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की समझाइश दी जा रही है। मैदानी स्तर पर अधिकारियों की सक्रियता का उद्देश्य केवल आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा करना ही नहीं, बल्कि हितग्राहियों की समस्याओं को समझकर उनका समाधान करना भी है, ताकि किसी भी पात्र परिवार का आवास अनावश्यक रूप से अधूरा न रहे।
जिला पंचायत सीईओ सुश्री हर सिमरनप्रीत कौर ने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देशित किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के कार्यों की नियमित निगरानी करें तथा अपूर्ण आवासों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने के लिए प्रभावी प्रयास सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन की इस सक्रिय पहल से प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने और हितग्राहियों को उनके पक्के आवास का सपना साकार करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।




Comments
Post a Comment