निरंकारी मिशन न कोई धर्म है, न कोई संप्रदाय, न कोई मजहब, न कोई पंथ है, यह एक विचारधारा है, कण-कण में व्याप्त है यह प्रभु - महसूस हो एहसास हो, सबसे कठिन काम है गृहस्थ में रह कर के इस परमात्मा को अपने अनुकूल करना और परमात्मा के अनुकूल हो जाना, संत निरंकारी मंडल दिल्ली के उप प्रधान डॉ दर्शन सिंह जी की पावन हुजूरी में माधवनगर स्थित सत्संग भवन में सत्संग संपन्न हुआ
कटनी (मुरली पृथ्यानी) हर प्रभु प्रेमी के मन में एक भाव रहता है कि मेरा जीवन सुखी हो, तन निरोग हो, मन शांत हो और दुख करीब आएं ही न मन में केवल यही चाहना रहती है। हर इंसान कोई डर से, कोई पाने की चाहत से इस प्रभु के दर पे, संत के पास, महापुरुष के पास, सतगुरु के पास, अवतारी पुरुषों के पास आता है मंदिर में जाता है, गुरुद्वारे में जाता है कि मेरे कष्ट दूर हों, मेरे दुख दूर हों लेकिन क्या इन सबके पीछे कहीं प्रभु भी रहता है? प्रभु की देन ही हमको चाहिए प्रभु यह भी दे दो, वह भी दे दो। इस इंसान का जन्म हुआ, 'चाहिए' से यात्रा शुरू हुई, 'चाहिए' में ही समाप्त हो जाती है। पैदा होते ही माँ की गोद चाहिए, माँ का दूध चाहिए। थोड़ा सा बड़ा समझदार हुआ तो दादू-दादी की गोद चाहिए, नाना-नानी की गोद चाहिए, पापा की गोद चाहिए, स्कूल चाहिए, बस्ता चाहिए। थोड़ा सा और बड़ा हुआ अच्छी एजुकेशन चाहिए, अच्छी कोठी चाहिए, अच्छे कपड़े चाहिए, बच्चों को अच्छा रोजगार चाहिए, अच्छा जॉब चाहिए, अच्छा घर चाहिए। एक दिन चालीस मन लकड़ी चाहिए, कफ़न चाहिए। 'चाहिए' से यात्रा शुरू हुई, 'चाहिए' में ही शांत हो गई। इस जीवन की यात्रा के बीच में मैंने क्या किया? क्या कमाया, क्या खोया? उक्त विचार संत निरंकारी मंडल दिल्ली के उप प्रधान डॉ दर्शन सिंह जी ने माधवनगर स्थित सत्संग भवन में शुक्रवार 27 नवंबर को उपस्थित साध संगत के समक्ष व्यक्त किए।
उन्होंने कहा इस परमात्मा ने शुभ बच्चे का जन्म दिया वह बच्चा बन कर के आया, उसे न काम था, न क्रोध था, न लोभ था, न मोह था, न अहंकार था, न बैर था, न ईर्ष्या थी, न नफरत थी, न द्वेष था, न मेरा था, न तेरा था, कुछ भी नहीं था निर्मल चादर में लपेट कर के भेजा। यह परमात्मा का मेरे ऊपर परोपकार है और मैंने क्या किया? कामनाओं से भरा भारी पिटारा मेरे पास है। सतगुरु के दर पे आते हैं, मंदिर में जाते हैं, गुरुद्वारे में मत्था टेक कर के, एक कामना पूरी होती है, चार कामनाओं को जन्म दे के चली जाती है। एक कामना पूरी होने के बाद चार कामनाएं घर तक पहुँचते-पहुँचते प्रबल होकर के निकल के आ गईं। मुझे यह भी मिल जाए वह भी मिल जाए चार कामनाएं के लिए वह बंदा आता है। परमात्मा की किसी को कोई जरूरत नहीं है। परमात्मा के साथ तो मेरा यही संबंध है कि सवेरे उठे, अगरबत्ती जलाई हाथ जोड़ा कोई मंत्र जाप कर लिया, दरवाजा बंद और कपाट बंद। इस प्रभु से किसको क्या लेना-देना है?
कहीं मेरे राम की भी जरूरत है? कहीं मेरे गोविंद की भी जरूरत है? कहीं मेरे प्रभु की भी जरूरत है? कहीं अकाल पुरख वाहेगुरु की भी जरूरत है? कहीं इस निरंकार की भी जरूरत है? ऐसा चाहने वाला कोई भगत विरला कोई होगा जो कहता है प्रभु मिल जाओ तुम। यह तो संत होते हैं, भगत होते हैं, अवतारी पुरुष होते हैं, सतगुरु होते हैं, वह इस सोए हुए इंसान को जागरण में लाते हैं कि पूरा जीवन गुजार कर के तूने अपने साँसों की पूँजी को, अपने जीवन को केवल चार चीजों में गँवा दिया। यह भी मिल जाए पदार्थ, यह भी सुख का साधन आ जाए, पदार्थ को नहीं छोड़ा जा सकता है, परमात्मा को छोड़ा जा सकता है। पदार्थ चाहिए धन को नहीं छोड़ा जा सकता, धर्म को छोड़ा जा सकता है। धर्म से क्या लेना-देना, आज सत्संग में नहीं जाएंगे तो कौन सा फर्क पड़ जाएगा? ऐसे बहुत सारे संत आते रहते हैं, ऐसे बहुत महापुरुष आते रहते हैं। अभी काम देखें कि इनका सत्संग सुनें? हम तो काम वाले बंदे हैं। धन की खातिर धर्म को छोड़ा जा सकता है, और इंसान छोड़ देता है। परिवार के कारण निरंकार को छोड़ा जा सकता है।
इंसान के मन में परमात्मा का कहीं पर भी प्रभाव नहीं दिखाई देता इसलिए लोगों के दिल में दर्द है। आप प्रैक्टिकल देखो। कोई भी पिता होगा, बच्चे को मेडिकल स्टोर खुलवा दिया, कपड़े की दुकान खुलवा दी, कोई भी बिजनेस करा दिया, तो साल भर के बाद कहेगा, "बेटा बता क्या हिसाब दिया है? क्या कमाया, क्या खोया? हिसाब दे पहले।" यह नहीं पूछेगा कि तूने किया क्या? तूने धन इकट्ठा किया इतना, करोड़पति हो गए अरबपति हो गए। कबीर जी बहुत अच्छी बात कहते हैं, गुरबाणी में अंकित है "ऐसे घर हम बहुत बसाए।" आज इस घर में हैं तो यह कहते हैं कि मेरा घर है, मेरा घर है। कबीर जी कहते हैं कि ऐसे घर तो बहुत बसाए। हर घर में मेरे माँ-बाप थे, मेरी पत्नी थी, मेरे बच्चे थे, भाई-बहन थे, परिवार था। नौ जन्मों की याद थी कबीर जी को, कैसे मेरी मृत्यु हुई, कैसे मेरा जन्म हुआ।
सबसे ज्यादा पीड़ा होती है जीव को जन्म होते के समय में और मृत्यु के समय में। घोर नरक भोगना पड़ता है इन दो समय में। यह जो जीवन मिला है, जन्म मिला है, वह इसलिए कि मैं इस आवागमन के चक्कर से छूट जाऊँ। पुनरपि जननं पुनरपि मरणं। यह हिसाब माँगेगा कि तेरे को मैंने साँसें दे कर के, जिस देह के लिए देवता लोग तरसते हैं, वह देह मैंने दे कर के भेजी। तूने खाने-पीने, सोने, हँसने-खेलने में ऐसे ही गँवा दी। मृत्यु की देहरी आज अपने आप को देखती नहीं कि कल इसी श्मशान भूमि में मेरा भी शव आएगा, मेरा भी यह मिट्टी का शरीर आएगा, यहीं पर आग लगाई जाएगी। वह कंधे सेट हैं जब यह अंतिम यात्रा होगी वह स्थान सेट है जहाँ पर यह रखी जाएगी। वह मुखाग्नि देने वाला सेट है, सब कुछ सेट है। किस समय, किस घड़ी, कहाँ पर मृत्यु होनी है, वह भी सब सेट है। लेकिन वहाँ तक पहुँचने के पहले यदि मेरा इस प्रभु के साथ प्रेम हो गया, यही तो मुश्किल है काम।
इस मुश्किल काम को अपने हाथ में लेते हैं सतगुरु कि इंसान का मन केवल और केवल माया में लगा रहता है, धन में लगा रहता है, मान-सम्मान में लगा रहता है। कब तक? कब तक पाओगे? कब तक इकट्ठा करोगे? और किसके लिए? और क्यों? इसका मतलब यह नहीं कि मैं अपनी घर-गृहस्थी न देखूँ, मैं अपना परिवार न देखूँ, अपना संसार न देखूँ, अपनी धन-दौलत न देखूँ संन्यासी बन जाऊँ। सबसे कठिन काम है गृहस्थ में रह कर के इस परमात्मा को अपने अनुकूल करना। मैं परमात्मा के अनुकूल हो जाऊँ। कैसे हैं हम? कैसी है हमारी यात्रा? यह कहता है मेरी बात मान ले, कोई भी माँ-बाप अपने बच्चे को कभी दुख नहीं देना चाहता। मैं भी तुझे कभी दुख नहीं दूँगा मेरी बात मान ले, इसी में तेरा भला है। लेकिन मेरा अहंकार नहीं मानता। मेरा अहंकार आड़े आ जाता है। मैं इसके भाणे को नहीं मानता, मैं इसकी बात को नहीं स्वीकार करता, मैं अपनी चलाता हूँ। 'जो भी यह चाहता है, करता वही है। जो भी यह करता है, होता सही है।'" इसने चाह लिया कि तुम्हारे साथ मुझे ऐसा करना है, तो करेगा वही।
गुरबाणी में बहुत अच्छी लाइन है, कहते हैं कि "बिनु बोलिया सब कुछ जाणदा।" बिना बोले ही यह जानता है जिसने मुझे पैदा किया, जो मुझे चला रहा है, जो मुझे खिला रहा है, जो मुझे पाल रहा है, इसको नहीं पता? हद हो गई। मैं उसे समझा रहा हूँ कि ऐसे नहीं करो। मैं तुमसे प्रार्थना कर रहा हूँ प्रभु, मेरा ऐसा कर दो। "बिनु बोलिया सब कुछ जाणदा।" बिनु बोलिया, बिना बोले ही सब कुछ जानता है। किसके आगे अरदास करें? एक तरफ हम कहते हैं, "तुम पूरन परमात्मा, तुम अंतरयामी।" झूठ बोलते हैं न? वहाँ बताते हैं कि ऐसे कर दो प्रभु। यह कहता है तू मुझे सिखा रहा है, मैं पूरे ब्रह्मांड को चलाने वाला, तू मुझे समझा रहा है। संत महापुरुष केवल इतना ही कहते हैं, जो अखिल ब्रह्मांड का नायक है, मेरा राम, मेरा गोविंद, इसके आगे सरेंडर कर दे यार इसकी मान ले।
सतगुरु माता सविंदर जी ने पहली-पहली बार, सतगुरु बाबा हरदेव सिंह जी महाराज जब लेटे हुए हैं, अवनीश जी लेटे हुए हैं, आईसीयू से लौट कर के आ रहे हैं यूएस से। डॉक्टर मना कर रखा था कि इनको जाना नहीं है। और ऐसी हालत में, पहली जो उन्होंने बात कही, "हे प्रभु, मोहब्बत का केवल एक उसूल, तू कबूल तेरा किया सब कबूल।" इस परमात्मा को कबूल कर लें। निरंकारी मिशन केवल चार स्टेप्स में है। यह न कोई धर्म है, न कोई संप्रदाय है, न कोई मजहब है, न कोई पंथ है। एक विचारधारा है केवल एक विचारधारा, सोच है, अपनी सोच को बदलो। अपने आप को इस तरीके से महसूस करता है कि कण-कण में प्रभु तेरा वास है, कण-कण में एहसास करता है, अनुभव करता है। कहते हैं इस वेद की ऋचा है, अखंड मंडलाकारंम व्याप्तं येन चराचरम्। यह चर में और अचर में व्याप्त है। यह कण-कण में व्याप्त है यह प्रभु। यह कण-कण में, जर्रे-जर्रे में व्याप्त है। महसूस हो, एहसास हो। कहानी बन गई।



Comments
Post a Comment