किसी भी स्थिति में आम रास्ता बाधित न हो, प्रत्येक विवाह समारोह एवं बड़े आयोजन की तारीख, समय, अनुमानित अतिथियों की संख्या एवं अन्य आवश्यक जानकारी संबंधित थाने को पूर्व में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए, डीजे की समय सीमा रात 10 बजे तक
कटनी (प्रबल सृष्टि) जिले में विवाह समारोह एवं अन्य मांगलिक आयोजनों के दौरान आम नागरिकों को होने वाली असुविधा, यातायात बाधित होने तथा सुरक्षा संबंधी समस्याओं की रोकथाम के उद्देश्य से 27 नवंबर को थाना कोतवाली परिसर में मैरिज गार्डन संचालकों एवं प्रबंधकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें थाना प्रभारी कोतवाली श्रीमति राखी पांडे एवं थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर सहित शहर के विभिन्न मैरिज गार्डन के संचालक एवं मैनेजर उपस्थित रहे।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि विवाह समारोह की व्यवस्था केवल मैरिज गार्डन तक सीमित नहीं है, बल्कि आयोजन से जुड़े सभी पक्षों—मैरिज गार्डन संचालक, आयोजक, बैंड-बाजा पार्टी, डीजे संचालक, कैटरिंग संचालक एवं अन्य संबंधित सेवा प्रदाताओं की भी यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में जिम्मेदारी होगी।
बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश
1. आयोजन की पूर्व सूचना: प्रत्येक विवाह समारोह एवं बड़े आयोजन की तारीख, समय, अनुमानित अतिथियों की संख्या एवं अन्य आवश्यक जानकारी संबंधित थाने को पूर्व में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए।
2. पार्किंग की समुचित व्यवस्था: मैरिज गार्डन परिसर में पर्याप्त पार्किंग सुनिश्चित की जाए। सड़क, फुटपाथ एवं मुख्य मार्ग पर वाहनों की पार्किंग किसी भी स्थिति में न होने दी जाए। पार्किंग के लिए कर्मचारियों की तैनाती की जाए।
3. बैंड-बाजा एवं डीजे की जिम्मेदारी: बैंड-बाजा, डीजे एवं बारात के दौरान सड़क पर यातायात बाधित न हो। आयोजक एवं संबंधित संचालक यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का रात्रि 10 बजे के बाद प्रतिबंधित उपयोग न किया जाए।
4. महिलाओं एवं अतिथियों की सुरक्षा: मैरिज गार्डन में आने वाली महिलाओं एवं अन्य अतिथियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था की जाए। परिसर में सीसीटीवी कैमरे चालू एवं क्रियाशील स्थिति में रखे जाएं तथा प्रवेश एवं निकास द्वारों पर निगरानी सुनिश्चित की जाए।
5. कर्मचारियों का सत्यापन: कैटरिंग, वेटर, सफाईकर्मी, सुरक्षा गार्ड एवं अन्य कर्मचारियों की नामवार सूची तथा पहचान संबंधी दस्तावेज (आधार कार्ड की प्रति) संधारित किए जाएं। आवश्यकतानुसार पुलिस सत्यापन कराया जाए।
6. सुरक्षा गार्ड एवं चौकीदार: प्रत्येक आयोजन के दौरान पर्याप्त संख्या में सुरक्षा गार्ड एवं पार्किंग व्यवस्था संभालने वाले कर्मचारियों की तैनाती की जाए, ताकि अव्यवस्था एवं अनावश्यक भीड़ को रोका जा सके।
7. अग्नि सुरक्षा एवं विद्युत व्यवस्था: आगजनी एवं शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं से बचाव के लिए अग्निशमन यंत्र, रेत-पानी एवं अन्य आवश्यक अग्नि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखे जाएं। विद्युत वायरिंग एवं अस्थायी कनेक्शन सुरक्षित हों।
8. आपातकालीन व्यवस्था: मैरिज गार्डन में प्रवेश एवं निकास के लिए पृथक एवं सुगम मार्ग रखे जाएं। आपातकालीन निकास द्वार अवरोधमुक्त रहें तथा एम्बुलेंस एवं अग्निशमन वाहनों के आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
9. ध्वनि एवं समय सीमा का पालन: डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग में शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा एवं ध्वनि मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए।
10. आयोजकों की जवाबदेही: विवाह समारोह के आयोजक भी मैरिज गार्डन प्रबंधन के साथ समन्वय बनाकर पार्किंग, बारात, बैंड-बाजा एवं अतिथियों के आवागमन को व्यवस्थित रखें। किसी भी स्थिति में आम रास्ता बाधित न हो।
पुलिस के निर्देश/अपील
कटनी पुलिस द्वारा मैरिज गार्डन संचालकों एवं विवाह समारोह आयोजकों से अपील की गई है कि वे विवाह जैसे मांगलिक एवं खुशी के आयोजनों को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं यातायात अनुकूल बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो, एम्बुलेंस एवं आपातकालीन सेवाओं का रास्ता बाधित न हो तथा किसी भी अप्रिय घटना की संभावना न रहे, इसके लिए सभी संबंधित पक्ष अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें।


Comments
Post a Comment