शैक्षणिक गुणवत्ता में करें सुधार, साइकिल वितरण में जनप्रतिनिधियों की रहे सहभागिता, शिक्षा समिति के अध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने ली समीक्षा बैठक, शैक्षणिक गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश
कटनी (प्रबल सृष्टि) जिले में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने तथा शासन की जनकल्याणकारी शैक्षणिक योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक समय पर पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में जिला शिक्षा केंद्र के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की समीक्षा बैठक जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री विश्वकर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को साइकिल वितरण के दौरान जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति एवं सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए। सभापति अशोक विश्वकर्मा ने जिला स्तरीय नियुक्ति, अनुदान एवं निर्माण समिति के नामांकित अशासकीय नामांकित सदस्यों का शाल, श्रीफल एवं डायरी भेंट कर सम्मान किया गया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर, जिला स्तरीय समिति के अशासकीय सदस्य, जिला शिक्षा परियोजना समन्वयक प्रेम नारायण तिवारी, सहायक परियोजना समन्वयक, सहायक यंत्री, बीआरसी सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में विद्यार्थियों को साइकिल एवं गणवेश वितरण की प्रगति तथा जिले में संचालित निर्माण कार्यों की जानकारी ली गई। सीईओ ने निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता एवं समय सीमा के अनुरूप पूर्ण कराने के लिए सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, उनमें विशेष तत्परता दिखाते हुए प्रगति सुनिश्चित करें। समीक्षा करते हुए उन्होंने बेहतर कार्य करने वाले विकासखंड ढीमरखेड़ा के विकासखंड शिक्षा समन्वयक की तारीफ की एवं दूसरों को इसी कार्यशैली से प्रगति लाने निर्देशित किया। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के नामांकन में वृद्धि सुनिश्चित करने के साथ यू-डाइस, यू-डाइस इनकंसिस्टेंसी, अपार आईडी एवं एमबीयू से संबंधित कार्यों की विकासखंडवार गहन समीक्षा की। अधिकारियों से इन कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक सुधार एवं निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के लिए गंभीरता से प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि विद्यालयों में सतत रूप से निगरानी करते हुए मरम्मत एवं सुधार कार्य करते हुए शैक्षणिक वातावरण को उत्कृष्ट बनाने के प्रयास किए जाएं। बेहतर वातावरण होने से पठन और पाठन दोनों प्रक्रियाएं उत्कृष्ट रूप से संचालित होती हैं।
समयबद्ध क्रियान्वयन एवं नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
सीईओ सुश्री कौर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें तथा योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाएं।



Comments
Post a Comment