कटनी (प्रबल सृष्टि) नगर में स्वच्छता व्यवस्था एवं नागरिकों के स्वास्थ्य को सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने खुले में अवैध एवं अस्वास्थ्यकर तरीके से मांस-मछली का विक्रय करने वाले दुर्गा चौक तिलक कॉलेज मोड़ के 6 व्यवसायियों के विरुद्ध सख्ती बरतते हुए संबंधित विक्रेताओं को खुले में मांस-मछली का विक्रय तत्काल बंद करने का नोटिस जारी किया है।
स्वास्थ्य अधिकारी निशांत कनोजिया द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि बिना वैध अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) एवं निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन किए बिना मांस-मछली का विक्रय किया जाना नियम विरुद्ध है। विशेष रूप से अपारदर्शी कांच अथवा जाली से ढके बिना खुले में मांस-मछली का प्रदर्शन एवं विक्रय पूर्णतः प्रतिबंधित है। इस तरह की गतिविधियों से आसपास गंदगी, दुर्गंध एवं मक्खियों का प्रकोप बढ़ने के साथ नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती है।
निगम प्रशासन ने संबंधित विक्रेताओं को नोटिस प्राप्ति के 24 घंटे के भीतर खुले में किए जा रहे मांस-मछली के अवैध विक्रय को तत्काल बंद करने तथा स्थल से संबंधित अतिक्रमण एवं सामग्री स्वयं हटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समयावधि में निर्देशों का पालन नहीं करने पर संबंधितों के विरुद्ध अर्थदंड, सामग्री की जब्ती एवं न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।


Comments
Post a Comment