कटनी में सीबीआई की कार्रवाई, एनकेजे में तैनात सेक्शन इंजीनियर 45 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, दर्ज की FIR, भेजा जेल
कटनी (प्रबल सृष्टि) न्यू कटनी जंक्शन के सीनियर सेक्शन इंजीनियर अजयवीर सिंह को सीबीआई ने शुक्रवार को 45 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर 12 नवंबर तक के लिए आरोपी इंजीनियर को जेल भेज दिया गया।
जानकारी मुताबिक अजय कुमार ने एनकेजे में एक टेंडर लिया था, जिसमें कटनी निवासी शशांक कुशवाहा को सुपरवाइजर बनाया। शशांक की अनुपस्थिति में उसके पिता तेजराम काम देखते थे। उन्होंने कटनी में रहने वाले 30 युवकों को जंक्शन पर काम पर लगाया था। यह जानकारी सीनियर सेक्शन इंजीनियर अजयवीर को लगी तो 1500 रुपए प्रति श्रमिक की दर से 45 हजार रुपए की रिश्वत मांग ली।
रुपए न मिलने पर काम से निकालने दे रहा था धमकी
आरोपी इंजीनियर ने रुपए न मिलने पर कर्मचारियों को काम से निकालने की धमकी दे डाली। मामले की शिकायत शशांक ने सीबीआई से की। इसके बाद शशांक ने इंजीनियर से बातचीत शुरू की। अजयवीर ने उसे रिश्वत की रकम के साथ स्टेशन के पास बजरिया में बुलाया। शशांक ने जैसे ही अजयवीर को रिश्वत के 45 हजार रुपए दिए वहां मौजूद टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया। सीबीआई ने आरोपी इंजीनियर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई से कटनी व जबलपुर के आला-अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

Comments
Post a Comment