सरकार की यह सोच है बेटियों के हाथ पीले करने में माता-पिता को कर्ज न लेना पड़े - महापौर प्रीति सूरी, नगर निगम द्वारा कटाए घाट में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में 25 जोड़ों का विवाह संपन्न
कटनी (प्रबल सृष्टि) – मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत नगर पालिक निगम द्वारा शुक्रवार को देवउठनी ग्यारस के पावन अवसर पर कटाएघाट मेला परिसर की हरी वादियों के बीच सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन भव्यतापूर्ण माहौल के बीच संपन्न हुआ। जहां गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधि विधान से 25 जोड़ों के विवाह की सभी रस्में सम्पन्न हुई। समारोह में परिणय सूत्र में बंधे नवदम्पति को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने आशीर्वाद दिया। महापौर श्रीमती सूरी एवं समाजसेवी नंद कुमार बरसानी ने नव दंपत्तियों को उपहार सामग्री भेंट की। इस दौरान उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों ने बधाई भी दी और उनके सुखी दाम्पत्य जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत परिणय सूत्र में बंधे प्रत्येक जोड़े को गृहस्थी का सामान खरीदने 49 हजार रुपये की राशि के स्वीकृति पत्रों का वितरण सांकेतिक रूप से किया गया। यह राशि परिणय सूत्र में बंधी कन्याओं के बैंक खाते में जमा कराई जायेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने योजना के संचालन हेतु मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सरकार की यह सोच है कि बेटियों के हाथ पीले करने में माता-पिता को कर्ज न लेना पड़े और बड़े धूमधाम से उनकी शादी हो। बेटियो को बोझ न माना जाए इसी सोच का नतीजा था कि लाडली लक्ष्मी, कन्या विवाह, प्रतिभा किरण, लाडली बहना जैसी अनेक क्रांतिकारी योजनाएं बनाकर उन्हें जमीन पर उतारा गया है। उन्होंने सभी जोड़ो को सुखद और समृद्ध जीवन की बधाई दी। कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष और नगर निगम अध्यक्ष ने भी संबोधित कर नव विवाहित युगलों को सुखद दाम्पत्य जीवन की बधाई दी।
इस अवसर पर पूर्व नगर निगम अध्यक्ष सत्य नारायण अग्रहरि, मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, उमेंद्र अहिरवार, सुरेंद्र गुप्ता, श्रीमती सुमन राजू माखीजा, शशिकांत तिवारी, सीमा श्रीवास्तव, संजू जीवन चौधरी, शकुंतला सोनी, सुमित्रा रावत, रेखा संजय तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, अम्बरीश वर्मा, अभिषेक शर्मा, अनुराग त्रिसोलिया, समाजसेवी रम्मू साहू, नंद कुमार बरसानी पूर्व पार्षद ऋचा गेलानी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारी- कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
निगमायुक्त ने किया व्यवस्थाओं का निरीक्षण
आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने एवं हितग्राहियों को सुविधाएं सुनिश्चित करने निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने कार्यक्रम स्थल एवं पंजीयन काउंटर का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए । उन्होंने पंजीयन प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित रखने तथा विवाह संस्कार संपन्न होने के उपरांत नवयुगलों को विवाह प्रमाण पत्र समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त शैलेश गुप्ता, उपसंचालक सामाजिक न्याय विभाग श्री अनुराग मोदी सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा आयोजन स्थल पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी एवं समन्वय कर कार्यक्रम को सफल रूप से पूर्ण कराया।
सुविधा के लिए विशेष इंतजाम
समारोह में शामिल होने वाले वर-वधु एवं उनके परिजनों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए आयोजन स्थल पर पंजीयन काउंटर, समुचित बैठक व्यवस्था, विवाह बेदी, वर-वधु के लिए पृथक चेंजिंग रूम, चलित शौचालय, पेयजल सुविधा एवं हेल्प काउंटर सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। समारोह में 25 जोड़ों का विवाह संस्कार गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। आयोजन स्थल पर आगंतुकों की सुविधा, व्यवस्थाओं के बेहतर समन्वय एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अमला सक्रियता से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है। प्रशासन द्वारा प्रयास किया जा रहा है कि नवयुगलों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा जीवन के इस महत्वपूर्ण अवसर पर सभी जोड़ों को आत्मीयता, सम्मान एवं उत्साहपूर्ण वातावरण उपलब्ध हो।





Comments
Post a Comment