महापौर प्रीति सूरी ने 1.04 करोड़ के आधुनिक स्कूल भवन की रखी आधारशिला, नदीपार शासकीय माध्यमिक शाला की बदलेगी तस्वीर; बेटियों के चेहरों पर खिली मुस्कान, शहर के अन्य स्कूलों के कायाकल्प का भी रोडमैप तैयार
कटनी (प्रबल सृष्टि) शहर के शासकीय स्कूलों की शैक्षणिक सुविधाओं एवं अधोसंरचना को बेहतर बनाने की दिशा में महापौर द्वारा लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने मंगलवार को शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण सौगात देते हुए इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 4 स्थित शासकीय माध्यमिक शाला नदीपार में 1 करोड़ 4 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन विद्यालय भवन का छात्र-छात्राओं के साथ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू एवं उमेंद्र अहिरवार, पार्षद शकुंतला सोनी एवं रेखा तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, पूर्व पार्षद विजय (डब्बू) रजक, सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी, प्राचार्य प्रशांत चनपुरिया सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
नवीन विद्यालय भवन की आधारशिला से खिले छात्र-छात्राओं के चेहरे
भूमिपूजन समारोह के दौरान विद्यालय की छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह और खुशी देखने को मिली। महापौर श्रीमती सूरी ने छात्राओं के करकमलों से नवीन विद्यालय भवन का विधिवत भूमिपूजन कराया तथा स्वयं भी पूजा-अर्चना में सहभागिता की। क्षेत्रीय पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में नवीन भवन की आधारशिला रखी गई।
जी प्लस वन स्ट्रक्चर पर बनेगा 8 कक्षों वाला आधुनिक भवन
शासकीय माध्यमिक शाला नदीपार के नवीन विद्यालय भवन का निर्माण जी प्लस वन स्ट्रक्चर पर कराया जाएगा। भवन में विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कुल 8 कक्षों के साथ शौचालय की सुविधा भी विकसित की जाएगी। आधुनिक संरचना में बनने वाले इस विद्यालय भवन से विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
शिक्षा का कायाकल्प मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता: महापौर
समारोह को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि शिक्षा ही किसी भी समाज और शहर के उज्ज्वल भविष्य की असली नींव है। नगर निगम का प्रयास है कि शासकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को भी निजी स्कूलों जैसी आधुनिक सुविधाएं और बेहतर शैक्षणिक माहौल मिले। इसी उद्देश्य से महापौर द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करते हुए विद्यालयों की अधोसंरचना को मजबूत बनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर के शासकीय विद्यालयों में नवीन भवन निर्माण एवं मरम्मत के माध्यम से शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। नदीपार, केसीएस, पुरवार पुत्री शाला एवं बरगवां स्कूल में नवीन भवन निर्माण कार्यों के साथ ए रविन्द्र राव स्कूल में 1.94 करोड़ रुपये से भवन निर्माण जारी है। वहीं केसीसी स्कूल में डेढ़ करोड की लागत से नवीन भवन का निर्माण होने जा रहा है साथ ही निषाद शाला का 2 करोड़ रुपये की लागत से नवीन भवन निर्मित कराया जा चुका है तथा विभिन्न शासकीय विद्यालयों में लगभग 3 करोड़ की लागत के मरम्मत कार्य कराए जा रहे हैं।
नगर निगम शहर के विकास के साथ शिक्षा के क्षेत्र को भी प्राथमिकता दे रहा है। विद्यालयों में बेहतर अधोसंरचना एवं आवश्यक सुविधाओं का विस्तार कर विद्यार्थियों को अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आगे भी कार्य किए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री प्रशांत चनपुरिया ने नवीन विद्यालय भवन की सौगात के लिए महापौर एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

.jpg)



Comments
Post a Comment