Skip to main content

विद्यार्थियों में उद्यमिता और स्वावलंबन का संचार, दिगंबर जैन विद्यालय से उद्यमिता सम्मेलन का शुभारंभ

कटनी (प्रबल सृष्टि)  विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के स्वावलंबी भारत अभियान के अंतर्गत उद्यमिता सम्मेलन के प्रथम कार्यक्रम का शुभारंभ दिगंबर जैन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कटनी में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के 105 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।


कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों के रूप में प्रांत सह महिला कार्य प्रमुख श्रीमती वंदना गेलानी, स्वावलंबी भारत अभियान के जिला समन्वयक धन्य कुमार गांधी, दिगंबर जैन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के अध्यक्ष एवं स्वदेशी जागरण मंच के कोषाध्यक्ष आशीष जैन तथा विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार जैन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद श्रीमती अलका अग्रवाल द्वारा स्वदेशी गीत प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए धन्य कुमार गांधी ने विद्यार्थियों को स्वावलंबी भारत अभियान के उद्देश्यों, कार्यों एवं गतिविधियों की जानकारी दी। इसी क्रम में प्रांत सह महिला कार्य प्रमुख श्रीमती वंदना गेलानी ने उद्यमिता सम्मेलन के विषय एवं उद्देश्य को विद्यार्थियों के समक्ष रखते हुए उन्हें प्रेरित किया कि वे केवल नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि अवसर पैदा करने वाले बनें। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, कौशल एवं प्रतिभा को पहचानकर भविष्य में उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।


इसके बाद आशीष जैन द्वारा विद्यार्थियों को स्वदेशी प्रतिज्ञा दिलाई गई।

कार्यक्रम में श्रीमती स्मिता गोलचा को सफल उद्यमी के रूप में सम्मानित किया गया। साथ ही ऐसे पाँच विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया, जो अपने माता-पिता एवं परिवार के उद्यम में सहयोग करते हैं। सम्मानित विद्यार्थियों में रितेश विश्वकर्मा, शिवम साहू, रौनक गुप्ता, अनिकेत श्रीवास्तव एवं श्रीकांत सोनी शामिल रहे।

कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम संयोजक विकास जैन द्वारा किया गया। कार्यक्रम में संघर्ष वाहिनी  श्रीमती आकांक्षा बरसियां एवं  श्रीमती अलका अग्रवाल, श्रीमती अंजू जार तथा विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उद्यमिता एवं स्वावलंबन से जुड़े विषयों को उत्साहपूर्वक सुना और सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र के साथ हुआ।

स्वदेशी जागरण मंच के स्वावलंबी भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित यह प्रथम उद्यमिता सम्मेलन विद्यार्थियों में उद्यमिता, स्वावलंबन एवं आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा। इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य में रोजगार की तलाश करने के साथ-साथ स्वयं अवसर सृजित करने और दूसरों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Comments