सिंधु सेवा समिति कटनी द्वारा समाज के गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराये जाने के किये जा रहे प्रयास, किसी जरूरतमंद को सही समय पर सहयोग और अवसर मिले, तो वह जीवन में बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकता है
कटनी (प्रबल सृष्टि) सिंधु सेवा समिति वर्षों से समाज सेवा के क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से कार्य कर रही है। हाल ही में समिति द्वारा समाज के आर्थिक रूप से कमजोर 10 परिवारों को आवास उपलब्ध कराने कि ओपचारिकता पूर्ण हो चुकी है समिति का यह कार्य केवल एक परिवार को घर देना नहीं, बल्कि उसे सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान करना है।
समिति अध्यक्ष राजकुमार नानकानी ने बताया कि समिति का उद्देश्य केवल आवास उपलब्ध कराना ही नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना भी है। इसी भावना के साथ समिति गरीब एवं असहाय परिवारों को राशन, आवश्यक सामग्री तथा अन्य आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराती रहती है, जिससे कठिन परिस्थितियों में भी उनके जीवन में आशा बनी रहे।
उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में भी सिंधु सेवा समिति ने पिछले पाँच वर्षों में उल्लेखनीय कार्य किया है। समिति आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों की पढ़ाई का पूरा दायित्व उठाती है। उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक विद्यार्थियों को कटनी से बाहर प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में भेजने. पढ़ाई और अन्य आवश्यक खर्चों का वहन भी समिति स्वयं करती है, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे के सपनों के आड़े न आए।
श्री नानकानी ने बताया कि समिति के इन सतत प्रयासों का सकारात्मक परिणाम आज स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। अनेक छात्र-छात्राएँ अपनी मेहनत और समिति के सहयोग से उच्च शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं तथा आज विभिन्न क्षेत्रों में सम्मानजनक पदों पर कार्यरत होकर अपने परिवार और समाज का नाम रोशन कर रहे हैं। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि किसी जरूरतमंद को सही समय पर सहयोग और अवसर मिले, तो वह जीवन में बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकता है।
सिंधु सेवा समिति का यह सेवा, शिक्षा और सामाजिक उत्थान का अभियान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। सभी की यही अपेक्षा है कि समिति भविष्य में भी इसी समर्पण और सेवा भावना के साथ जरूरतमंद परिवारों की सहायता करती रहे।

Comments
Post a Comment