मुख्यमंत्री ने कटनी सीएसपी नेहा पच्चीसिया को जमीन घोटाले मामले में कर दिया सस्पेंड, एफआईआर के बाद कार्यालय हुआ सीज, रिकॉर्ड सुरक्षित
कटनी ( प्रबल सृष्टि )-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कटनी जमीन घोटाले में नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) नेहा पच्चीसिया को तत्काल सस्पेंड करने के आदेश दिए हैं। साथ ही पुलिस मुख्यालय (PHQ) के निर्देशों पर कटनी स्थित सीएसपी कार्यालय सीज कर दिया गया है।
सीएम ऑफिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से इसकी जानकारी साझा की गई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन से जुड़े मामलों में लापरवाही, दबाव या पद का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने को कहा।
सीएसपी कार्यालय सील, रिकॉर्ड सुरक्षित
एफआईआर (FIR क्र. 0738/2026) दर्ज होने के बाद, पीएचक्यू भोपाल के निर्देशों पर कटनी में सीएसपी कार्यालय को सील किया गया। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य कंहवारा जमीन सौदे से जुड़ी केस डायरी, सीएसपी दफ्तर के रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखना है, ताकि जांच प्रभावित न हो।
निलंबन के आदेश के साथ ही गृह विभाग ने विभागीय और एसआईटी जांच की प्रक्रिया भी तेज कर दी है।
ये है पूरा मामला
यह कार्रवाई हत्या के नामजद आरोपी रमेश लोधी पर दबाव बनाकर उसकी कंहवारा स्थित जमीन को कम दाम में हस्तांतरित कराने के आरोप में की गई है। आरोप है कि 82.86 लाख रुपए (गाइड लाइन मूल्य) की जमीन को मात्र 18.20 लाख रुपए में मारूफ अहमद हनफी (फ्रंटमैन) के नाम कर दिया गया। जांच रिपोर्ट में यह भी सामने आया था कि इस जमीन सौदे में सीएसपी के करीबी क्षितिज राज बारापत्रे के खातों से फंडिंग की गई थी।
कुठला थाने में सीएसपी नेहा पच्चीसिया, क्षितिज राज बारापत्रे और मारूफ अहमद हनफी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61, 198, 199(b), 308(7) और 318(4) के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है।


Comments
Post a Comment