हाईवे पर डीजल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 225 लीटर डीजल सहित चोरी में प्रयुक्त सामग्री सहित स्विफ्ट डिजायर कार जप्त
कटनी (प्रबल सृष्टि) पुलिस ने एनएच-30 हाईवे पर ट्रक से डीजल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मामला इस प्रकार है कि 26 अगस्त को फरियादी चालक सुरेश कुमार खरोल ने थाना माधवनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25-26 अगस्त की दरमियानी रात वह अपना ट्रेलर ट्रक क्रमांक RJ 32 GD 5722 जायसवाल ढाबा, पिपरौंध के सामने खड़ा कर ट्रक में सो गया था। सुबह करीब 5 बजे उठने पर ट्रक की डीजल टंकी का ढक्कन टूटा हुआ मिला तथा अज्ञात चोरों द्वारा डीजल चोरी किया जाना पाया गया। फरियादी ने रात के समय ट्रक के आसपास सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार, जिसका नंबर MP 21 से शुरू होना बताया, को घूमते हुए भी देखा था। रिपोर्ट पर थाना माधवनगर में अपराध क्रमांक 868/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए चौकी झिंझरी पुलिस ने तत्काल मुखबिर तंत्र सक्रिय किया तथा सायबर सेल कटनी से तकनीकी सहयोग प्राप्त किया। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP 21 CA 6181 आरोपी नीलेश उर्फ अंकू जैन निवासी ग्राम पिपरौंध, थाना माधवनगर, जिला कटनी के लखापतेरी स्थित गोदाम में खड़ी मिली।
गोदाम की तलाशी लेने पर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9 डिब्बों में लगभग 225 लीटर डीजल, डीजल निकालने का पाइप मय इंस्ट्रुमेंट, डीजल भरने एवं निकालने की 2 बड़ी चुंगी, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद कर जप्त की।
पूछताछ में आरोपी नीलेश उर्फ अंकू जैन ने डीजल चोरी की घटना में अपना अपराध स्वीकार किया। प्रकरण में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की जानकारी भी सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
अन्य घटनाओं के खुलासे की संभावना
पुलिस जांच में आरोपी के पूर्व में भी डीजल चोरी के अपराधों में संलिप्त रहने की जानकारी सामने आई है। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर जिले में हुई अन्य डीजल चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पूछताछ से डीजल चोरी की अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है। प्रकरण में विवेचना जारी है।
वारदात के खुलासे में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक सुश्री शिवा पाठक एवं थाना प्रभारी माधवनगर शैलेन्द्र सिंह यादव के पर्यावेक्षण में झिंझरी चौकी प्रभारी उनि राजेश कुमार दुबे, सउनि शशिभूषण सिंह, सउनि सतीश भगत, प्रधान आरक्षक पंकज त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक राजेश चौधरी, आरक्षक संजय यादव, आरक्षक सौरव कुमार, आरक्षक चन्द्रकमल पाण्डेय एवं सायबर सेल कटनी के आरक्षक अजय साकेत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Comments
Post a Comment