Skip to main content

लखेरा क्षेत्रवासियों को राहत दिलाने के प्रयास, एसीसी गेट के नलकूप से लखेरा संपवेल तक पहुंचाया गया पानी


कटनी ( प्रबल सृष्टि ) - नगर निगम क्षेत्र में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा नगर निगम के अधिकारियों के साथ लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। कलेक्टर श्री मिश्रा के निर्देशों पर नगर निगम के अधिकारी लगातार कार्रवाई करते हुए पेयजल की उपलब्धता को सुनिश्चित कर रहे हैं।

मंगलवार को कलेक्टर श्री मिश्रा ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ विवेकानंद वार्ड के लखेरा क्षेत्र का भ्रमण किया था और एसीसी गेट के नलकूप से लखेरा खेरमाई मंदिर तक पाइप लाइन के माध्यम से पानी पहुंचाते हुए क्षेत्रवासियों को राहत दिलाने के निर्देश दिए थे।
निर्देशानुसार आयुक्त सतेन्द्र धाकरे ने जलप्रदाय विभाग के माध्यम से कार्रवाई कराते हुए एसीसी गेट के पास कराए गए नए नलकूप में मोटर पंप स्थापित करते हुए लगभग डेढ़ किमी लंबी पाइप लाइन के माध्यम से लखेरा खेरमाई मंदिर के पास स्थित संपवेल तक पानी पहुंचाने का कार्य गुरूवार को कराया गया। जिससे लखेरा खेरमाई परिसर में निर्मित 2 लाख लीटर क्षमता की टंकी को भरकर संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की जा सकेगी।  

कंट्रोल रूम टोल फ्री नंबर किया गया जारी

नगर निगम क्षेत्र में पेयजल संबंधी शिकायत दर्ज कराने के लिए कलेक्टर  प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। जिसका टोल फ्री नंबर 18002330877 जारी किया गया है। इसके अलावा नागरिक दूरभाष क्रमांक 07622- 220877 पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते है। नगर निगम आयुक्त सत्येन्द्र धाकरे ने बताया कि कार्यालय में कंट्रोल रूम कक्ष की स्थापना की जाकर अधिकारियों कर्मचारियों की 4 शिफ्टों में प्रातः 06 बजे से रात्रि 10 बजे तक ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम के माध्यम से पेयजल से संबंधित समस्याएं प्राप्त होने पर जल आपूर्ति करते हुए तत्काल समस्या का निराकरण कराया जा रहा है। 

Comments