भाजपा के पूर्व अध्यक्ष चमनलाल आनंद के माधवनगर स्थित ठिकानों पर पहुंचा आयकर विभाग का छापामार काफिला, कार्रवाई जारी
कटनी (प्रबल सृष्टि) इनकम टैक्स विभाग के दो दर्जन से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों का काफिला सुबह-सुबह अचानक माधवनगर के जाने-माने लकड़ी टाल संचालक और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चमनलाल आनंद के ठिकानों पर पहुंचा। अधिकारियों ने माधव नगर स्थित उनके दोनों लकड़ी टाल और रिहायशी आवास को पूरी तरह अपने कब्जे में ले लिया है। एक साथ कई ठिकानों पर हुई इस अचानक कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों और इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई बड़े पैमाने पर टैक्स अनियमितता और अघोषित आय से जुड़ी बताई जा रही है।
आयकर विभाग की टीमें टाल और घर के अंदर रखे वित्तीय दस्तावेजों, बही-खातों, कंप्यूटर डेटा और बैंक लेन-देन की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही हैं। मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि जांच में किसी तरह की बाधा न आए। जैसे ही शहर में इन दोनों प्रतिष्ठित कारोबारियों के यहां आईटी रेड की खबर फैली, राजनीतिक और व्यापारिक जगत में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। कई व्यापारी और राजनीतिक लोग भी स्थिति का जायजा लेने के लिए सुगबुगाहट करते नजर आए। फिलहाल आयकर विभाग की यह मैराथन कार्रवाई जारी है। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही टैक्स चोरी की सही रकम और अन्य बड़े खुलासे सामने आने की उम्मीद है।

Comments
Post a Comment