13 वर्षों से बड़ी महाकाली मंदिर से जुड़ी परंपरा केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं, यह समाज को एक सूत्र में जोड़ने, परस्पर सहयोग बढ़ाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का प्रदान करती है अवसर, विधायक संदीप जायसवाल सहित समाजसेवी एवं उद्योगपति प्रकाश आहूजा और निरंजन पंजवानी का हुआ आत्मीय सम्मान
कटनी (प्रबल सृष्टि) माधवनगर स्थित बड़ी महाकाली मंदिर में धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता की वर्षों पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए झूला झूले भवानी दुर्गा उत्सव समिति द्वारा इस वर्ष भी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विगत 13 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा यह समारोह धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के साथ समाजसेवा, सहयोग और सामाजिक सद्भाव को प्रोत्साहित करने का माध्यम बना हुआ है। इस अवसर पर मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल तथा समाज के वरिष्ठ समाजसेवी प्रकाश आहूजा और निरंजन पंजवानी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित कर समिति की ओर से आत्मीय सम्मान किया गया। समिति के सदस्यों ने अतिथियों को स्मृति चिह्न एवं श्रीफल भेंटकर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
समारोह में सम्मानित समाजसेवियों के सामाजिक योगदान का भी उल्लेख किया गया। प्रकाश आहूजा एवं निरंजन पंजवानी की मोक्षधाम व अन्य पार्क आदि के विस्तार में समाजिक व धार्मिक आयोजनों में उनकी प्रेरक भूमिका के लिए दी गई सेवाओं से जुड़ी अपनी भूमिका के साथ सामाजिक सरोकारों और समाज के प्रति सहयोग की भावना को महत्व दिया गया। वहीं, विधायक संदीप जायसवाल के जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्रीय गतिविधियों और सामाजिक आयोजनों में सहभागिता को भी समिति ने सम्मान का आधार बनाया। समिति के सदस्यों ने कहा कि बड़ी मां महाकाली मंदिर से जुड़ी यह परंपरा केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज को एक सूत्र में जोड़ने, परस्पर सहयोग बढ़ाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करती है। समिति ने आशा व्यक्त की कि विधायक संदीप जायसवाल सहित समाज के वरिष्ठ नागरिक एवं उद्योगपति भविष्य में भी मंदिर और समिति की धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को अपना मार्गदर्शन तथा सहयोग प्रदान करते रहेंगे, जिससे यह परंपरा आने वाली पीढ़ियों तक इसी श्रद्धा और उत्साह के साथ निरंतर चलती रहे। अंत में समिति ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सामाजिक सहयोग और सामूहिक सहभागिता को इस परंपरा की वास्तविक शक्ति बताया।

Comments
Post a Comment