MSME एवं युवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा के माध्यम से हुआ दो दिवसीय वर्कशॉप का समापन
कटनी (प्रबल सृष्टि) भारत सरकार के MSME मंत्रालय एवं विश्व बैंक समर्थित RAMP योजना के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय वर्कशॉप का सफलतापूर्वक समापन जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा के माध्यम से किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य जिले के युवाओं, विद्यार्थियों एवं उद्यमिता के क्षेत्र में रुचि रखने वाले लोगों को MSME से जुड़ी योजनाओं, वित्तीय सहायता एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने युवाओं एवं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वर्तमान समय में MSME एवं उद्यमिता युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा युवाओं एवं छोटे उद्यमियों को आगे बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ लेकर युवा स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ कर सकते हैं और अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर सकते हैं।
दो दिवसीय कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को MSME एवं उद्यमिता विकास, वित्तीय सहायता, ZED, ESG एवं RECP, SHG तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। विशेषज्ञों द्वारा योजनाओं की प्रक्रिया, उपलब्ध सुविधाओं एवं उद्यम स्थापित करने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं।
कार्यशाला में जिले के ITI के सभी छात्र-छात्राओं एवं विद्यार्थियों ने भी सहभागिता की। विद्यार्थियों को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास, व्यवसायिक अवसरों एवं सरकारी सहायता योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर अनामिका जैन, सह प्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, लघु उद्योग भारती से अमित सिंघई, शहर मंडी इकाई अध्यक्ष राजकुमार आसरानी, बरगवां-अमकोही इकाई अध्यक्ष निलेश विश्वकर्मा, नगरीय इकाई सचिव रॉकी राजपलानी, माधवनगर इकाई सचिव किसान जैन, लमतरा इकाई उपाध्यक्ष आनंद पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण, ITI के छात्र-छात्राएं एवं जिले के अन्य विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर MSME क्षेत्र को मजबूत करने, युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने तथा शासकीय योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। दो दिवसीय कार्यशाला को युवाओं एवं उद्यमियों के लिए उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक पहल बताया गया।


Comments
Post a Comment