कटनी (प्रबल सृष्टि) स्वदेशी जागरण मंच के अंतर्गत स्वावलंबी भारत अभियान द्वारा कुंदन दास उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वदेशी, स्वावलंबन एवं उद्यमिता की सोच विकसित करना तथा उन्हें अपने हुनर को रोजगार एवं उद्यम के अवसर में बदलने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के सचिव ठाकुरदास रंगलानी, प्राचार्य कमलेश जी, प्राचार्या श्रीमती लता जैन, स्वदेशी जागरण मंच की प्रांत सह महिला कार्य प्रमुख श्रीमती वंदना गेलानी, जिला समन्वयक धन्य कुमार गांधी, कार्यक्रम प्रभारी विकास जैन, सफल उद्यमी विजय मोहनानी एवं युवा उद्यमी मुस्कान संगतानी मंचासीन रहे। साथ ही श्रीमती नीति वर्मा एवं सुश्री मानसी शुक्ला की भी उपस्थिति रही।
श्रीमती वंदना गेलानी ने उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन के उद्देश्य एवं स्वावलंबी भारत की आवश्यकता पर विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि युवा केवल रोजगार प्राप्त करने वाले न बनें, बल्कि रोजगार देने वाले उद्यमी बनने की दिशा में भी आगे बढ़ें। उन्होंने स्वदेशी को देश की प्रतिभा, श्रम, संसाधनों एवं स्थानीय उद्यमियों पर विश्वास करने की भावना बताया।
कार्यक्रम में सफल उद्यमी विजय मोहनानी को अपने उद्यम के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सम्मानित किया गया। वहीं युवा उद्यमी मुस्कान संगतानी को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने हुनर एवं मेहनत से केक व्यवसाय में शहर में अपनी पहचान बनाई है।
इस अवसर पर उन छात्राओं को भी सम्मानित किया गया, जो अपने माता-पिता के व्यवसाय एवं कार्यों में सहयोग करते हुए कम उम्र से ही कार्य के प्रति जिम्मेदारी और उद्यमिता की भावना का परिचय दे रही हैं। सम्मानित छात्राओं में अंजलि मोटवानी, अंजलि रजक, अंकिता विश्वकर्मा, गुड्डी यादव, रिया रजक एवं अंजलि वंशकार शामिल रहीं।
कार्यक्रम प्रभारी विकास जैन ने विद्यार्थियों को स्वदेशी के महत्व तथा स्थानीय उत्पादों एवं उद्यमियों को प्रोत्साहन देने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती नीति वर्मा द्वारा किया गया। समापन अवसर पर विद्यालय के सचिव ठाकुरदास रंगलानी ने विद्यार्थियों को स्वदेशी अपनाने एवं स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प कराया। विद्यालय की ओर से अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


Comments
Post a Comment