“छात्रों की गूंज” को लेकर तिलक महाविद्यालय में जनसंपर्क, छात्र हितों की मांगों को लेकर इंदौर पहुंचने की अपील
कटनी (प्रबल सृष्टि) 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले “छात्रों की गूंज – युवाओं की आवाज़, एक नई सोच” कार्यक्रम को लेकर कटनी के तिलक महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं से व्यापक जनसंपर्क किया गया। इस दौरान कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं का पंजीयन कराया गया और उन्हें छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज़ बुलंद करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं पूर्व एनएसयूआई जिला अध्यक्ष दिव्यांशु ‘अंशु’ मिश्रा ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि आज देश के युवाओं के सामने शिक्षा और रोजगार से जुड़े गंभीर सवाल हैं। NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में पेपर लीक, शिक्षा के बढ़ते व्यापारीकरण और लगातार महंगी होती शिक्षा ने आम विद्यार्थी के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।उन्होंने कहा कि KG से लेकर PG तक गुणवत्तापूर्ण एवं मुफ्त शिक्षा,प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता एवं पेपर लीक पर प्रभावी रोक, शिक्षा के व्यापारीकरण पर अंकुश,छात्रों के अधिकारों की सुरक्षा तथा युवाओं के लिए बेहतर शिक्षा एवं रोजगार के अवसर जैसी मांगों को मजबूती से उठाने की आवश्यकता है।उन्होंने छात्र-युवाओं से अपील की कि 19 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में इंदौर पहुंचें और “छात्रों की गूंज” के माध्यम से अपनी मांगों एवं अधिकारों की आवाज़ बुलंद करें।जिला एनएसयूआई अध्यक्ष अजय खटिक ने कहा कि “छात्र केवल शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी नहीं, बल्कि देश के भविष्य की नींव हैं। जब शिक्षा महंगी होगी, परीक्षाओं में अनियमितताएं होंगी और पेपर लीक जैसी घटनाएं विद्यार्थियों की मेहनत पर सवाल खड़े करेंगी, तो आवाज़ उठाना जरूरी है। हमारी प्रमुख मांग है कि KG से PG तक शिक्षा को मुफ्त और सुलभ बनाया जाए, प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली व्यवस्था पर कठोर कार्रवाई हो।उन्होंने कहा कि “छात्रों की गूंज” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की मांगों को मजबूती से सामने रखने का सामूहिक प्रयास है।
जनसंपर्क के दौरान छात्र-छात्राओं में कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर प्रदेश सोशल मीडिया समन्वयक शशांक गुप्ता, सूर्यकांत कुशवाहा, जिला एनएसयूआई प्रभारी अभिषेक प्यासी, सौरभ पांडेय, सोशल मीडिया प्रभारी प्रज्ज्वल साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं युवा उपस्थित रहे।


Comments
Post a Comment