स्वास्थ्य व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल, डाक्टरों की है कमी .. सड़क हादसे में घायल 26 वर्षीय महिला को समय पर नही मिल सका था उपचार, हो गई मौत
कटनी (प्रबल सृष्टि) जिले के स्लीमनाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। बीते दिनों एक सड़क हादसे में घायल 26 वर्षीय महिला की मौत के बाद परिजनों ने समय पर उपचार नहीं मिलने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि महिला करीब चार घंटे तक अस्पताल में तड़पती रही और ड्यूटी डॉक्टर मौजूद नहीं थे। वहीं मृतका के कान, हाथ और पैरों में पहने गहने अस्पताल कर्मचारियों द्वारा निकालने तथा गहने निकालते समय कान क्षतिग्रस्त होने के भी आरोप लगाए गए हैं। मृतका लक्ष्मी बाई अपने मायके झिन्ना पिपरिया से भरदा बड़खेरा स्थित अपनी ससुराल लौट रही थी। इसी दौरान स्लीमनाबाद में एक पिकअप वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल अवस्था में उसे तत्काल स्लीमनाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया था। परिजनों के हंगामे को प्रशासनिक अधिकारियों ने एफआईआर की बात कहकर शांत कराया था।
इधर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आगे से व्यवस्थाएं हमारी जो है कोशिश रहेगी चाक चौबंद रहे। उनका कहना है अभी चिकित्सक की भी कमी है हमारे विभाग में। शासन 1000 चिकित्सक को नियुक्ति करने जा रहा है, कटनी से भी मांग पत्र भेजा गया है इस बाबत और कलेक्टर साहब के संज्ञान में है काफी कुछ कमी पूरी होगी आने वाले समय में। प्रयास हमारा यही है कि प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्रों में हमारे सभी चिकित्सक उपलब्ध रहें। अभी हमारे अनुबंध से जो है बॉन्डेड चिकित्सक भी उपलब्ध हैं हमारे पास। अभी चूंकि पीजी के एग्जाम के वजह से जो बाहर थे वो सारे वापस आ चुके हैं।
अब देखना यह होगा कि स्वास्थ्य सेवाओं में कमी की वजह से फिर कोई अप्रिय घटना न हो क्योंकि होने के बाद सिर्फ लकीर ही पीटी जाती है।

Comments
Post a Comment