खुशी से खिले चेहरे, 102 परिवारों के पक्के घर का सपना हुआ साकार, प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला अपना आशियाना, महापौर श्रीमती सूरी ने सौंपे आवंटन पत्र
कटनी (प्रबल सृष्टि) प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपने पक्के घर का लंबे समय से इंतजार कर रहे 102 पात्र हितग्राहियों के लिए बुधवार का दिन खुशियों से भरा रहा। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी घटक के अंतर्गत प्रेमनगर बस्ती में निर्मित 102 आवासों का पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से आवंटन किया गया। आवास आवंटन कार्यक्रम महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की गरिमामय उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान पात्र हितग्राहियों को उनके आवास आवंटन पत्र प्रदान किए गए।
हितग्राहियों ने अपने हाथों से चुना अपना आशियाना
निगम प्रशासन द्वारा आवास आवंटन की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखते हुए पात्र हितग्राहियों को स्वयं लॉटरी के माध्यम से आवास चुनने का अवसर दिया गया। हितग्राहियों द्वारा पर्चियां निकालकर आवास क्रमांक का चयन किया गया। लॉटरी में जैसे-जैसे हितग्रिताओं के नाम और आवास क्रमांक सामने आते गए, वैसे-वैसे कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और खुशी का माहौल बनता गया।
कई हितग्राहियों के लिए यह क्षण विशेष भावुक करने वाला रहा, क्योंकि लंबे समय से स्वयं के पक्के मकान का सपना संजोए परिवारों को अब अपना आशियाना मिलने की खुशी मिली।
पारदर्शी प्रक्रिया से हुआ आवासों का आवंटन
योजना के नोडल अधिकारी अनिल जायसवाल ने बताया कि आवास आवंटन की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं मापदंडों के अनुसार पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। पात्र हितग्राहियों को लॉटरी के माध्यम से स्वयं आवास चुनने का अवसर दिया गया, जिससे आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और सभी पात्र हितग्राहियों को समान अवसर प्राप्त हो।
नए घर की दहलीज पर खुशियों ने दी दस्तक, हितग्राहियों ने जताया आभार
आवास आवंटन के पश्चात हितग्राही सुभाष कुरिल एवं सीमा श्रीवास्तव द्वारा अपने-अपने आवंटित आवास पर कलश पूजन एवं जल अर्पित कर विधिवत गृह प्रवेश किया गया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती सूरी ने दोनों हितग्राहियों को उनके नए घर के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा उनके सुखी, समृद्ध एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने हितग्राहियों से आग्रह किया कि वे अपने घर के साथ-साथ आसपास के वातावरण को भी स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखें तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक रहते हुए स्वच्छ एवं सुंदर कटनी के निर्माण में अपना सहयोग प्रदान करें। उन्होंने आवास प्राप्त करने वाले सभी नागरिकों को भी शुभकामनाएं दीं।
हितग्राहियों ने कहा कि अपने परिवार के लिए स्वयं का पक्का घर होना उनका लंबे समय से देखा हुआ सपना था। आर्थिक परिस्थितियों के कारण यह सपना पूरा होना आसान नहीं था, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उन्हें अपने परिवार के लिए सुरक्षित और स्थायी आशियाना प्राप्त हुआ है। लॉटरी के माध्यम से स्वयं अपने आवास का चयन करने और इसके बाद आवंटन पत्र प्राप्त करने का अवसर उनके लिए बेहद खुशी और यादगार पल रहा।हितग्राहियों ने कहा कि आज उनके लिए केवल एक मकान का आवंटन नहीं हुआ है, बल्कि उनके परिवार को एक सुरक्षित भविष्य, स्थायित्व और सम्मान के साथ जीवन जीने का आधार मिला है। उन्होंने शासन की इस योजना को जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके वर्षों पुराने सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
आवास के उपयोग को लेकर नियमों की दी गई जानकारी
निगम प्रशासन द्वारा हितग्राहियों को आवास आवंटन से संबंधित नियमों की जानकारी भी दी गई। स्पष्ट किया गया कि आवास की निर्धारित संपूर्ण राशि जमा करने के बाद ही आधिपत्य पत्र जारी किया जाएगा। साथ ही आवंटित आवास का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जाना होगा।
निगम प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि आवंटित आवास को किराये पर देने अथवा किसी अपात्र व्यक्ति को आवास में रहने देने की स्थिति में आवंटन निरस्त किया जा सकता है तथा संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य सुभाष साहू, नोडल अधिकारी अनिल जायसवाल, उपयंत्री जेपी सिंह बघेल सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राही उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment