बरगवां में बेशकीमती शासकीय नजूल भूमि के अवैध विक्रय, अतिक्रमण, धोखाधड़ी एवं आपराधिक षडयंत्र को लेकर कलेक्टर - एसपी से कार्यवाही की मांग
कटनी (प्रबल सृष्टि) मदन मोहन चौबे वार्ड के अंतर्गत बरगवां में बेशकीमती शासकीय नजूल भूमि के अवैध विक्रय का मामला सामने आया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पैट्रिक रॉबर्ट डन एवं एम आर डन ने धोखाधाड़ी करते हुए 2368 वर्गफुट भवन की टैक्स रसीद का दुरुपयोग करते हुए 21 हजार वर्गफुट शासकीय नजूल भूमि को 3 करोड़ 56 लाख रुपये में विभिन्न व्यक्तियों को विक्रय कर दिया। मामले की शिकायत मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर आशीष तिवारी, एसपी अभिनय विश्वकर्मा एवं तहसीलदार से करते हुए कार्यवाही की मांग की गई है।
अल्फर्टगंज सुभाष वार्ड निवासी अजय माली ने जनसुनवाई में पैट्रिक डन द्वारा बरगवां स्थित बेशकीमती शासकीय नजूल भूमि के अवैध विक्रय, अतिक्रमण, धोखाधड़ी एवं आपराधिक षडयंत्र को लेकर कार्यवाही की मांग करते हुये दस्तावेजों सहित शिकायत प्रस्तुत की है। शिकायतकर्ता के अनुसार मदन मोहन चौबे वार्ड के अंतर्गत बरगवां, पटवारी हल्का नंबर 42 वर्तमान 39 राजस्व निरीक्षक मंडल मुड़वारा 1 तहसील कटनी में स्थित शासकीय नजूल भूमि खसरा क्रमांक 140, 141 एवं 143/1 जिसका रकबा क्रमशः 0.032 हेक्टेयर 0.109 हेक्टेयर एवं 0.167 हेक्टेयर कुल रकवा 0.3080 हेक्टेयर है, जो राज्य सरकार की बहुमूल्य संपत्ति है। शिकायतकर्ता के अनुसार उक्त भूमि के अंश भाग 2368 वर्गफुट पर निर्मित भवन नगर निगम अभिलेख में भवन क्रमांक 599 से 599/10 नया भवन क्रमांक 950 के रूप में दर्ज रहा है, जिसमें एम आर डन पुत्र स्वर्गीय टी सी डन का नाम भवन स्वामी के रूप में दर्ज रहा है।
भवन निर्माण अनुज्ञा की स्वीकृति
शिकायतकर्ता के अनुसार एम आर डन ने उक्त भूमि को स्वयं के उपयोग के लिए दर्शाकर नगर निगम से 24 जनवरी 2019 को भवन निर्माण अनुज्ञा (मानचित्र) की स्वीकृति प्राप्त की, जिसमें कहा गया है कि यह भवन केवल स्वयं के उपयोग के लिए होगा तथा उसका विक्रय नहीं होगा। इन शर्तों का उल्लंघन करते हुए पैट्रिक रॉबर्ट डन एवं एम आर डन ने कपटपूर्ण आशय से 2368 वर्गफुट भवन की टैक्स रसीद का दुरुपयोग करते हुए लगभग 21 हजार वर्गफुट बेशकीमती शासकीय नजूल भूमि को 3 करोड़ 56 लाख रुपये में विभिन्न व्यक्तियों के पक्ष में पंजीकृत विक्रय पत्रों के माध्यम से अवैध रूप से विक्रय कर दिया।
इन लोगों के नाम पर रजिस्ट्री
शिकायतकर्ता अजय माली के अनुसार पैट्रिक रॉबर्ट डन एवं एम आर डन द्वारा हरीश कुमार बजाज, श्रीमती भारती देवी बजाज, विजय बहलानी, लक्ष्मीचंद बहलानी, किशोर बहलानी, मुकेश बहलानी, संजय बजाज, प्रकाश तनवानी, हीरालाल जसोडा, विनोद गजरानी, यश संगतानी, विजय गजरानी, प्रवीण जैन, श्रीमती शालिनी जैन एवं विदित जैन के पक्ष में पंजीकृत विक्रय पत्र निष्पादित किये गये, जिनके माध्यम से शासकीय भूमि का अवैध हस्तांतरण कर करोड़ों रुपये का अवैध आर्थिक लाभ अर्जित किया गया तथा राज्य सरकार को वित्तीय क्षति पहुंचाई गई।
राजस्व निरीक्षकों ने की जांच
तत्कालीन तहसीलदार नजूल कटनी द्वारा नजूल अधिकारी कटनी को प्रेषित जांच प्रतिवदेन क्रमांक/231/प्रवाचक/2019 के अनुसार राजस्व निरीक्षकों के दल द्वारा जांच में यह पाया गया है कि उक्त भूमि आबादी शासकीय दर्ज है, जिसके अंशभाग 2368 वर्गफुट पर पूर्व से वर्कशाप और दुकानें निर्मित है, जिसे मिस्टर टी सी डन का होना बताया गया है। उक्त रकवा के अतिरिक्त कोई भी निर्माण पूर्व का नहीं है। शासकीय नजूल भूमि सार्वजनिक संपत्ति है, जिसका निजी विक्रय विधि द्वारा पूर्णतः प्रतिबंधित है तथा इसका उपयोग सामान्यतः निर्धन एवं भूमिहीन व्यक्तियों को आवासीय पट्टे के रूप में प्रदान करने हेतु किया जाता है।
शिकायतकर्ता ने कहा : दर्ज की जाए एफआईआर शिकायतकर्ता ने कहा कि शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण एवं अवैध हस्तांतरण कर निजी लाभ अर्जित करने के लिए आपराधिक षड्यंत्र किया गया है। प्रकरण की जांच कराई जाकर मप्र भू-राजस्व संहिता 1959 एवं नजूल नियमों के अंतर्गत कार्यवाही कर शासकीय भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाकर भूमि को शासन के नाम पुनः दर्ज कराया जाये, साथ ही माधवनगर पुलिस को निर्देशित किया जाए कि संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर किया जाए। आरोपियों द्वारा निष्पादित विक्रय पत्रों की वैधता की जांच कर उन्हें विधि अनुसार अवैध एवं शून्य घोषित करने की कार्यवाही की जाये एवं आरोपियों द्वारा अर्जित अवैध धनराशि की वित्तीय जांच कर शासन को हुई क्षति की वसूली की जाए।
इनका कहना है
मामले की जांच शुरू, होगी कार्रवाई: एसपी
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि मदन मोहन चौबे वार्ड के अंतर्गत बरगवां में बेशकीमती शासकीय नजूल भूमि के अवैध विक्रय की शिकायत आई है। शिकायतकर्ता ने आपराधिक षडयंत्र का आरोप लगाया है। यह राजस्व का मामला है, जिसकी जांच प्रशासन द्वारा की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य और रिपोर्ट सामने आएगी, उस आधार पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
शिकायत की जांच की रही: तहसीलदार
बेशकीमती शासकीय नजूल भूमि के अवैध विक्रय की की शिकायत आई यह मामला नजूल भूमि के विक्रय से जुड़ा हुआ है। कलेक्टर एवं एसडीएम के निर्देशन में शिकायत की जांच प्राथमिकता से की जा रही है। यदि शासकीय भूमि का विक्रय किया गया है तो संबंधित व्यक्ति के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

Comments
Post a Comment