कटनी ( प्रबल सृष्टि ) महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार की सुबह भीषण विमान हादसे में डिप्टी सीएम अजित पवार का विमान लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया। हादसे में डिप्टी सीएम अजित पवार समेत विमान में सवार 5 लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद जिस नाम की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह नाम है पायलट शांभवी पाठक का। शांभवी पाठक का कटनी से गहरा नाता है। शांभवी पाठक कांग्रेस के पूर्व विधायक सुनील मिश्रा की पुत्री की ससुराल पक्ष से भांजी लगती हैं। वे श्री मिश्रा की पुत्री की ननद की बेटी हैं। इस घटना के बाद पूर्व विधायक श्री मिश्रा का परिवार भी शोक में है। बताया जाता है कि हादसे का शिकार चार्टर्ड बिजनेस जेट उस वक्त लैंडिंग की प्रक्रिया में था और विमान की कमान कैप्टन शांभवी पाठक संभाल रही थीं। एविएशन सेक्टर में एक होनहार और प्रशिक्षित पायलट के रूप में पहचानी जाने वाली शांभवी का करियर, ट्रेनिंग और प्रोफेशनल प्रोफाइल अपने आप में बेहद मजबूत मानी जाती थी।
भारत में हुई शुरुआती पढ़ाई
जानकारी के मुताबिक कैप्टन शांभवी पाठक की शुरुआती शिक्षा भारत में ही हुई थी। उन्होंने मुंबई यूनिवर्सिटी से एयरोनॉटिक्स और एविएशन साइंस में बीएससी की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के दौरान ही उनका झुकाव प्रोफेशनल पायलट बनने की ओर थाए जिसके बाद उन्होंने विदेश में उन्नत ट्रेनिंग लेने का फैसला किया।
पायलट ट्रेनिंग के लिए न्यूजीलैंड का रुख
कमर्शियल पायलट बनने के सपने को साकार करने के लिए शांभवी पाठक ने न्यूजीलैंड इंटरनेशनल कमर्शियल पायलट अकादमी में दाखिला लिया। यहां उन्होंने साल 2018 से 2019 के बीच प्रोफेशनल फ्लाइंग की बारीक ट्रेनिंग हासिल की। इसी दौरान उन्हें न्यूजीलैंड सिविल एविएशन अथॉरिटी से कमर्शियल पायलट लाइसेंस भी प्राप्त हुआ, जो उनके करियर की एक बड़ी उपलब्धि थी। विदेश में ट्रेनिंग पूरी करने के बाद शांभवी भारत लौटीं और यहां डीजीसीए से कमर्शियल पायलट लाइसेंस हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने फ्रोजन एटीपीएल भी पूरा किया, जिसे एयरलाइन पायलट बनने की दिशा में एक अहम स्टेप माना जाता है।
इंस्ट्रक्टर के रूप में भी निभाई भूमिका
शांभवी पाठक ने असिस्टेंट फ्लाइट इंस्ट्रक्टर के तौर पर भी काम किया था। इस भूमिका में उन्होंने नए और ट्रेनी पायलटों को उड़ान की ट्रेनिंग दी। इससे उनके अनुभव और तकनीकी समझ में और इजाफा हुआ। एक पायलट के लिए सुरक्षा मानकों की जानकारी बेहद जरूरी होती है। शांभवी ने स्पाइसजेट से एविएशन सिक्योरिटी की ट्रेनिंग ली थी। इसके अलावा उन्होंने 320 एयरक्राफ्ट से जुड़ी ओरिएंटेशन ट्रेनिंग भी पूरी की थी. जिससे उनकी प्रोफाइल और मजबूत हुई। अगस्त 2022 से कैप्टन शांभवी पाठक Ventures Pvt Ltd में फुल टाइम फर्स्ट ऑफिसर के रूप में कार्यरत थीं। वह Learjet 45 जैसे हाई-परफार्मेस बिजनेस जेट को उड़ाने की जिम्मेदारी संभालती थीं, जिसे आमतौर पर वीआईपी और विशेष यात्राओं के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

Comments
Post a Comment