Skip to main content

महापौर के प्रस्ताव पर पार्षदों की सर्वसम्मति - नगर निगम कर्मचारियों का बढेगा चिकित्सा भत्ता, राजीव गांधी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स मामले में दोषियों के खिलाफ राज्य शासन एवं लोकायुक्त में जाएगा प्रकरण, होगी अधिकारियों पर कठोर से कठोर कार्यवाही

कटनी ( प्रबल सृष्टि ) नगर निगम परिषद की बैठक शुक्रवार 28 नवंबर को अनेक मुद्दों पर चर्चा के साथ संपन्न हुई। बैठक में पार्षदों ने अनेक सुझाव रखे और कुछ अहम विषयों पर नाराजगी भी जाहिर की, खासकर स्टेशन के पास स्थित राजीव गांधी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स मामले में अधिकारियों की भूमिका पर सवाल खड़े किए गए। बैठक में कर्मचारियों के हित में उनके चिकित्सा भत्ता बढ़ाने का प्रस्ताव सदन के समक्ष महापौर प्रीति सूरी ने रखा। 300 से 1000 रुपये प्रतिमाह चिकित्सा भत्ता देने की स्वीकृति सदन के पार्षद सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से प्रदान की गई।


महापौर ने कहा कि भविष्य में कर्मचारियों के हितों को देखते हुए निगम की वित्तीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए भत्ते को और अधिक बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार जैव विविधता विषय पर कमेटी के सदस्य बनाने पर सदन में चर्चा की गई। कटनी स्टेशन के समीप स्थित राजीव गांधी शॉपिंग काम्प्लेक्स के प्रमोटर स्कीम मामले में 2001 से चल रहे इस प्रकरण पर चल रही न्यायलीन प्रक्रिया एवं उनके दिए गए आदेश के बारे में सदन को अवगत कराया गया।


 

इस मामले को निगम हित में अगले कदम पर निर्णय लेने के लिए परिषद के समक्ष सदन में प्रस्तुत किया गया। इस मामले में दोषियों पर कार्यवाही करने हेतु राज्य शासन एवं लोकायुक्त में इस प्रकरण को ले जाने पर सदन में सहमति बनी ताकि जनहित संस्था नगर निगम कटनी को हानि पहुंचाने वालों पर जाँच कर ऐसे अधिकारियों पर कठोर से कठोर कार्यवाही हो सके।


परिषद सम्मेलन की बैठक में विधायक संदीप जायसवाल, अध्यक्ष मनीष पाठक, निगम के पार्षद सदस्य अधिकारी, कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

Comments