कटनी। एक बड़ी चोरी की खबर जैसे ही माधवनगर वासियों को आज सुबह लगी लोग हतप्रभ से हो गए। माधवनगर थाना क्षेत्र के मेन बाजार स्थित संगीता ज्वेलर्स आभूषण दुकान से चोरों ने तीन करोड़ से भी अधिक की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
जानकारी अनुसार चोर दुकान की दीवार में सेंध लगाकर घुसे थे और तिजोरी में रखे हीरे जड़े हुए सोने-चांदी के आभूषण और एक लाख पांच हजार रुपए चोरी कर ले गए। पुलिस ने चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, फिलहाल चोरों के संबंध में पुलिस के पास कोई सुराग नही है। बताया जाता है तिजोरी में 6 किलो सोना, 10 किलो चांदी, 10 लाख के डायमंड से बने आभूषण और 1 लाख 5 हजार रुपए नकद रखे हुए थे। दुकान संचालक ने बताया कि सोना, चांदी और आभूषणों और नकद रुपए मिलाकर लगभग 3 करोड़ 17 लाख 55 हजार रुपए की चोरी की वारदात हुई है। चोरी की वारदात की सूचना के बाद मौके पर पुलिस अधिकारी पहुंचे। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम द्वारा भी वारदात स्थल की जांच की गई है। इसके अलावा पुलिस डाॅग स्क्वाॅड को भी वारदात स्थल पर लाया गया था। बताया जाता है कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब हो गए थे। पुलिस टीम दुकान के आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज को देखकर चोरों के संबंध में सुराग पता लगाने में जुटी हुई है।
Comments
Post a Comment