कटनी ( प्रबल सृष्टि )- कटनी रेंज की वन विभाग की टीम ने वन्यप्राणी शिकार के मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चीतल का मांस व अन्य अवशेष जब्त किए हैं। वनक्षेत्रपाल परिक्षेत्र अधिकारी कटनी लक्ष्मी नारायण चौधरी ने बताया कि ग्राम भिटौनी में वन्यजीव चीतल के शिकार की सूचना मिली थी। जिसकी जानकारी वनसंरक्षक आरसी विश्ववकर्मा व उप वनमंडलाधिकारी (पूर्व पश्चिम) राहुल मिश्रा को दी गई। अधिकारियों के मार्गदर्शन में वनक्षेत्रपाल के नेतृत्व में टीम बनाकर भिटौनी गांव में दबिश दी गई। भिटौनी निवासी सरोज कुमार लुनिया के घर की तलाशी ली गई। तलाशी में उसके घर से चीतल का लगभग 5 किलोग्राम मांस जब्त किया गया।
इस मामले में वन अमले ने आरोपी से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार किया। आरोपी सरोज कुमार की निशान देही पर महाकौशल फार्म हाऊस पिपरौध के चौकीदार भरत बर्मन निवासी बरमोह, सिविल माइंस कंपनी पिपरौध चौकीदार राजबहादुर सिंह निवासी जयंतीनगर, सुंदर सिंह लुनिया निवासी भिटौनी, नयाराम लुनिया निवासी भिटौनी, आशीष लुनिया निवासी भिटौनी को दबिश देकर हिरासत में लिया गया। उनके पास से चीतल का सिर, चमड़ा, हथियार व अन्य अवशेष के जब्ती की गई। आरोपियों को गिरफ्तार कर वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धारा पर अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में पेश किया। कार्यवाही में वनक्षेत्रपाल सहित वनपाल रमेश कुमार त्रिपाठी, अनिल कुमार मिश्रा,, वनरक्षक कमल कुमार दुबे, अम्बुज कुमार पांडेय, पुष्पेन्द्र द्विवेदी, सुमित सिंह, शक्तिपाल सिंह, जय नारायण सिंह, भीमसेन कोल और वाहन चालक अजय पांडेय व संजू की भूमिका रही।
Comments
Post a Comment