कटनी ( प्रबल सृष्टि )- कटनी के स्टोन पर शिल्पकारों की कल्पनाएं अब आकार लेने लगी हैं। जागृति पार्क में आयोजित कटनी स्टोन आर्ट फेस्टिवल में देशभर के शिल्पकार पिछले एक सप्ताह से स्टोन पर कलाकृतियां बनाने में लगातार जुटे हुए हैं। जैसे-जैसे दिन बीत रहे हैं, शिल्पकारों की कला कटनी के पत्थर पर नजर आने लगी हैं और लोग उनका उत्साह बढ़ाने भी जागृति पार्क पहुंच रहे हैं। मंगलवार को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा अधिकारियों व आयोजन समिति के सदस्यों के साथ जागृति पार्क पहुंचे और शिल्पकारों का उत्साहवर्द्धन किया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने शिल्पकारों से संवाद भी किया और उनके द्वारा बनाई जा रही कलाकृतियों में क्या खास है, इस बात की जानकारी भी ली। साथ ही कलेक्टर ने शिल्पकारों से कटनी के स्टोन की खासियत को लेकर भी चर्चा की, जिसमें शिल्पकारों ने कटनी के स्टोन को शिल्पकला के लिए उम्दा बताया।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिल्पकारों को काम करने के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और यदि कोई दिक्कत आती है तो उसका तत्काल निराकरण करें। जागृति पार्क में स्टोन फेस्टिवल के साथ आयोजित किए जा रहे अन्य कार्यक्रमों की तैयारी के संबंध में भी जानकारी ली और कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर आवश्यक निर्देश दिए।
‘‘जनजातीय गौरव दिवस’’ सप्ताह पर हिमांशु वाजपेयी देंगे प्रस्तुति
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रदेशभर में ‘‘जनजातीय गौरव दिवस’’ सप्ताह के अंतर्गत कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। स्टोन आर्ट फेस्टिवल के दौरान 21 नवंबर को वीरांगना रानी दुर्गावती के अदम्य साहस की किस्सागोई हिमांशु बाजपेयी द्वारा प्रस्तुत की जाएगी। जागृति पार्क में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के संबंध में कलेक्टर श्री मिश्रा ने जानकारी ली और आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश प्रदान किए। इसके अलावा 20 व 21 नवंबर को आयोजित होने वाले कटनी गॉट टेलेंट की तैयारी की भी कलेक्टर ने जानकारी ली और निर्देश प्रदान किए।
दो दिन जागृति पार्क में उठा सकेंगे चौपाटी का लुत्फ
कटनी स्टोन आर्ट फेस्टिवल के दौरान 20 व 21 नवम्बर को कटनी चौपाटी का लुत्फ लोग जागृति पार्क में उठा सकेंगें। कलेक्टर श्री मिश्रा ने आयोजन समिति व नगर निगम के अधिकारियों के साथ पार्क में चौपाटी लगाने के स्थल का निरीक्षण किया। साथ ही नगर निगम के अधिकारियों को चौपाटी के व्यापारियों से चर्चा कर दो दिन पार्क में व्यंजनों के स्टॉल लगाने को आमंत्रित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल में खादीग्रामोद्योग की सामग्री भी उपलब्ध रहेंगी, इसको लेकर स्टॉल लगाया जाएगा। कलेक्टर श्री मिश्रा ने खादी ग्राम उद्योग का स्टॉल लगाने को लेकर भी चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।
क्ले वर्कशॉप का होगा आयोजन
स्टोन आर्ट फेस्टिवल के दौरान देशभर से आए शिल्पकारों में से क्ले पर काम करने वाले कलाकार भी हैं, जो मिट्टी पर भी कलाकृतियां बनाएंगे। क्ले आर्ट से जिले के बच्चे भी रूबरू हो सकें, इसको लेकर कलेक्टर श्री मिश्रा ने फेस्टिवल के अंतिम दिनों में एक वर्कशॉप भी आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही कलाकारों द्वारा कलाकृतियां बनाकर उनका डिस्प्ले करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान आयोजित समिति के सदस्यों के साथ नगर निगम के अधिकारी मौजूद थे।



Comments
Post a Comment