कटनी - कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने विश्वव्यापी महामारी कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिये सभी धान मिलर्स को उनकी मिल में काम करने वाले हम्माल और मजदूर कर्मियों के बीच सोशल डिस्टेन्सिंग और बचाव की सभी सावधानियों का सतर्कतापूर्वक पालन करने के निर्देश दिये हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न धान मिलर्स एवं अन्य मिल मालिकों की बैठक में पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार ने भी उनके यहां काम करने वाले मजदूरों, वर्करों को पिछले महीने की ट्रेवल हिस्ट्री एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी रखने के निर्देश दिये हैं। इस मौके पर अपर कलेक्टर साकेत मालवीय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा, जिला आपूर्ति अधिकारी प्रमोद श्रीवास्तव, जिला प्रबंधक नान पियूष माली भी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने बताया कि खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार प्रथम तीन माह अप्रैल से जून 2020तक खरीफ वर्ष 2019-20 में उपार्जित धान की मिलिंग उपरांत निर्धारित गुणवत्ता का अरवा चावल शत-प्रतिशत स्टेट पूल में जमा कराने का अनुपात निर्धारित किया गया है। खरीफ 2019-20 में धान उपार्जन वाले जिलों में कटनी जिले के लिये अप्रैल से जून 2020 तक की अवधि में स्टेट पूल के अन्तर्गत 1 लाख 30 हजार एमटी धान की मिलिंग की जाना है। जिसमें अप्रैल माह में 25 हजार एमटी, मई माह में 40 हजार एमटी और जून माह में 65 हजार एमटी की मिलिंग होगी। मिलिंग के पश्चात चावल की सीएमआर में जमा करने की कार्यवाही की जायेगी। सभी मिलर्स निर्धारित समयानुसार मिलिंग की कार्यवाही सम्पन्न करायें। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि लॉकडाउन की अवधि में अत्यावश्यक सेवाओं में शामिल वस्तुओं के परिवहन और कार्य संपादन में कोई रोक-टोक नहीं है। बशर्ते कोरोना संक्रमण के बचाव की सभी सावधानियों और सोशल डिस्टेन्स का पालन होना चाहिये। उन्होने कहा कि सभी मिलर्स मिलिंग कार्य के दौरान मिल परिसर का प्रतिदिन विसंक्रमणीकरण और सैनीटाईजेशन करायें। कार्यस्थल पर साबुन और हाथ धोने के लिये पर्याप्त पानी रखें। वर्करों को नियमित रुप से हाथ धोने को कहें। सभी वर्कर्स मास्क पहनें और सैनीटाईजर का प्रयोग करें। बीमारी, सर्दी खांसी,बुखार के लक्षणों वाले वर्कर्स को काम पर नहीं लगायें। सभी मजदूरों का आवश्यकता अनुसार मेडिकल परीक्षण भी करायें। उन्होने बताया कि एसडीएम तथा नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों ने रेल्वे रैक के लिये रेल्वे के अधिकारियों से चर्चा कर व्यवस्था सुनिश्चित कर ली है।
Comments
Post a Comment