कटनी। मध्यप्रदेश रेडक्रॉस सोसायटी के प्रदेश कार्यकारी सदस्य पवन बजाज ने बुधवार को कोरोना वायरस के संक्रमण की लड़ाई में अपना महती योगदान देते हुये जिला चिकित्सालय कटनी के लिये वायरस से विशेष बचाव करने वाले 50 नग ट्रायसेम सूट कलेक्टर शशिभूषण सिंह को भेंट किये हैं। इस मौके पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी के कार्यकारिणी सदस्य सारंग बजाज भी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्यों को संक्रमण प्रभावितों की देखभाल में लगे चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ की सुरक्षा के लिये ट्रायसेम सूट प्रदाय करने पर धन्यवाद ज्ञापित किया।
कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने सिविल सर्जन डॉ एस के शर्मा और सीएमएचओ को 50 नग ट्रायसेम सूट को आईसोलेशन वार्ड के स्टोर में सुरक्षित रखने और संक्रमित मरीजों के आईसोलेशन के दौरान इनका उपयोग जरुर करने के निर्देश दिये हैं। उन्होने आरआर टीम के चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को बाहर से आये लोगों की स्क्रीनिंग करते समय विभाग में उपलब्ध पीपीई किट पहनने और प्रोटोकॉल के तहत निर्धारित सावधानियां बरतने के सख्त निर्देश दिये हैं।
जिला अस्पताल में संक्रमित मरीजों की देखभाल के समय चिकित्सीय उपयोग में आने वाले इन पीपीई किट ट्रायसेम सूट की कीमत 5500 रुपये प्रत्येक की होती है, इस तरह से पवन बाजाज ने मुम्बई से मंगाकर 50 किट लगभग 2 लाख 75हजार रुपये का योगदान जिला अस्पताल को दिया है। उन्होने बताया कि मुम्बई से कटनी तक तत्काल रुप से किट मंगाने में पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार ने परिवहन कार्य में बहुत मदद की है। इस ट्रायसेम सूट पीपीई किट में फुल कवर्डवीयर के अलावा 2 इंडस्ट्रियल मास्क, 2 सर्जिकल ग्लास और एक गॉगल भी शामिल है।
Comments
Post a Comment