उद्योगपति ने दोबारा बनाई थी दीवार, प्रशासन ने तुड़वाई, कटनी सिविल लाईन में बैंक की जमीन पर अवैध कब्जा हटा
कटनी (प्रबल सृष्टि ) जिले के सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित की जमीन पर एक बार फिर अवैध कब्जे का प्रयास सामने आया है। स्वयं को जमीन का मालिक बताने वाले बी.डी. गौतम ने दूसरी बार रेडीमेड सीमेंट की दीवार खड़ी कर कब्जा करने की कोशिश की। सूचना पर मौके पर पहुंचे तहसीलदार और नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते ने इस दीवार को ध्वस्त कर दिया।
लगभग एक माह पहले भी भूमि सीमांकन के तुरंत बाद बी.डी. गौतम द्वारा दीवार बनाकर कब्जा किया गया था। तब बैंक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद इसे हटवा दिया गया था। उस समय स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि जब तक भूमि विवाद का विधिवत निराकरण नहीं हो जाता, तब तक संबंधित व्यक्ति जमीन पर कोई निर्माण या कब्जा नहीं करेगा। इसके बावजूद दोबारा कब्जे का प्रयास किया गया।
कटनी कोतवाली थाना क्षेत्र के सिविल लाइन स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित जबलपुर की इस भूमि को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। यह भूमि पटवारी हल्का नंबर 45 के अंतर्गत खसरा नंबर 1097/3, 1099/1 एवं 1090/3 में दर्ज बताई जा रही है। राजस्व अधिकारियों के अनुसार, सीमांकन के बाद रिकॉर्ड में यह भूमि अल्फट प्राइवेट लिमिटेड के नाम दर्ज है, जिसके डायरेक्टर बी.डी. गौतम हैं।
पूर्व में भी सीमांकन के तुरंत बाद बी.डी. गौतम ने बैंक के सामने सीमेंट की बाउंड्री खड़ी कर पूरी जमीन घेरने का प्रयास किया था। बैंक कर्मचारियों के विरोध के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा था। तब रात के समय एसडीएम मौके पर पहुंचे थे और कब्जा हटवाया गया था। एक माह बाद दोबारा कब्जे की कोशिश होने पर तहसीलदार ने नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते को बुलाकर बनी हुई दीवार को गिरवा दिया। प्रशासन ने इस मामले में पंचनामा कार्रवाई कर जांच शुरू कर दी है।
पंकज त्रिपाठी बैंक प्रबंधन का कहना है कि जिला सहकारी बैंक लगभग 100 वर्षों से इसी स्थान पर संचालित है और यह भूमि बैंक को दान स्वरूप प्राप्त हुई थी। बैंक मैनेजर के अनुसार, वर्षों से बैंक के कब्जे और उपयोग में रही भूमि पर अचानक इस तरह कब्जा करने का प्रयास गंभीर चिंता का विषय है।



Comments
Post a Comment