कटनी ( प्रबल सृष्टि )- जिले में जल समस्या के निदान को लेकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो-कटनी सांसद वी.डी. शर्मा लगातार सक्रिय हैं और समस्या का हल निकालने के उनके द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। सांसद श्री शर्मा की पहल पर गुरूवार को जल समस्या के निदान को लेकर इसराइली विशेषज्ञों का दल कटनी पहुंचा। सांसद श्री शर्मा ने पिछले माह इसराइली जल एवं कृषि विशेषज्ञों से मुलाकात कर कटनी के लिए सुझाव आमंत्रित किए थे। जिसको लेकर गुरूवार को दल पहुंचा। इसराइली विशेषज्ञों ने कलेक्टर प्रियंक मिश्रा सहित नगर निगम, जल निगम व जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जल समस्या के निदान को लेकर चर्चा की।
बैठक में इसरायली विशेषज्ञ डॉ. लयोर असफ ने बैठक के दौरान इसराइल में जल समस्या के निदान को लेकर प्रयोग की गई तकनीकों की जानकारी दी और कटनी के लिए उपलब्ध सुझावों को सभी के सामने रखा। बैठक के बाद इसराइली विशेषज्ञ द्वारा नगर निगम सीमा क्षेत्र के कटनी नदी स्थित फिल्टर प्लांट और बहोरीबंद जलाशय का भ्रमण कर प्रारंभिक अध्ययन किया गया। भ्रमण दौरान उनके साथ नगर निगम, जल निगम व जल संसाधन विभाग के अधिकारी शामिल थे।
सांसद श्री शर्मा ने क्षेत्र में स्थित सभी जल स्त्रोतों के समुचित उपयोग और मृतपाय अवस्था में पड़े स्त्रोतों को पुनर्जीवित करने के निर्देश दिए हैं। आने वाले समय में जि़ला प्रबंधन के साथ मिलकर एक वृहद जल सर्वे का कार्य किया जाना है और इसको लेकर ही की जा रही है ताकि भविष्य में जिले की जल समस्या को पूरी तरह से समाप्त किया जा सके।


Comments
Post a Comment