नाबालिग बच्चों ने आपस में रची अपहरण की झूठी कहानी मांगी 20 लाख की फिरौती, पुलिस ने कर दिया चार घंटे में खुलासा
कटनी। नाबालिग बालक अगर अपराध प्रवर्ति की सोच रख रहे है तो यह गंभीर चिंता का विषय है ऐसा ही एक मामला कटनी जिले में प्रकाश में आया है। जानकारी अनुसार एनकेजे थाना अंतर्गत नाबालिग बालकों के द्धारा आपस में मिलकर एक बालक के अपहरण की झूठी कहानी गढ़ परिजनों से 20 लाख रूपए फिरौती मांगने का मामला सामने आया है।
मामला सामने आते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस विवेचना करते हुए अपहरणकर्ताओं तक पहुंची तो नाबालिग बालकों ने सब कुछ सच-सच बता दिया।
जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। इस संबंध में पुलिस सूत्रों ने बताया कि कलशाम को थाना क्षेत्र से एक बालक के अपहरण की सूचना पुलिस को मिली। सूचना देने वाले परिजनों ने यह भी बताया कि अपहरण कर्ता ने उनके पुत्र को छोडऩे के एवज में 20 लाख रूपए फिरौती की मांग की है न देने पर बालक के हाथ पैर काट कर मारने की भी धमकी दी है। पुलिस ने परिजनों से लगातार अपहरणकर्ताओं के सम्पर्क में बने रहने की बात कही और खुद सायबर सेल की मदद से अपहरणकर्ताओं के मोबाइल की लोकेशन का पता लगाने लगी।
मामले में पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के दिशा निर्देश व नगर पुलिस अधीक्षक शशिकांत शुक्ला के मार्गदर्शन में पुलिस की अलग-अलग टीमें मोबाइल की लोकेशन के आधार पर अपहरणकत्ताओं के ठिकाने पर पहुंची तो पुलिस भी हतप्रभ रह गई असल में चार-पांच नाबालिग बालकों ने मिलकर अपने ही एक साथी के अपहरण की झूठी कहानी इसलिए गढ़ी क्योंकि उन्हें उससे उधारी दिए 10 हजार रुपए वापस लेने थे जो नही दे पा रहा था इसलिए उसने ही कहा कि मेरे पिता के पास पैसे पढ़े हैं मांग लो। उस पर अमल करते हुए परिजनों से 20 लाख रूपए फिरौती की मांग करने लगे। 20 लाख रूपए से शुरू हुआ सौदा अंत मेंं 5 लाख रूपए तक पहुंच गया लेकिन इसी बीच पुलिस वहां पहुंच गई और नाबालिग बालकों की झूठी कहानी का पर्दाफाश हो गया। जिसके बाद जिस बालक के अपहरण की कहानी गढ़ी गई थी। उसके परिजनों ने राहत की सांस ली।

Comments
Post a Comment