कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खैबर लाईन तिराहा में 15 अगस्त की रात्रि श्रीटाल के पास स्थित तीन दुकानों का ताला तोड़कर 47200 रुपये कीमत का किराना सामान व कपड़ा अज्ञात द्वारा चोरी कर लिया गया था। जिसकी सरगर्मी से तलाश कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरी करने के आरोप में 17 वर्षीय नाबालिग आरोपी मनोज उर्फ लल्लू चौधरी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया व उससे पूछताछ के बाद 32000 रुपये कीमत का सामान उसके घर गुरुनानक धर्मशाला रॉबर्ट लाईन के पास से जप्त कर किशोर न्यायालय में पेश किया गया है। प्राप्त जानकारी अनुसार चोरी की घटना के बाद नवागत थाना प्रभारी संदीप अयाची के विशेष प्रयास व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को पकड़ा गया है जो पूर्व में भी चोरी के एक मामले में पकड़ा जा चुका है। घटना का खुलासा करने में थाना प्रभारी माधवनगर संदीप अयाची, उपनि आर के झारिया, आरक्षक अनिल सिंह सेंगर, बीरेंद्र सिंह, भुवनेश्वर बागरी, कमलकांत यादव की भूमिका रही है। पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार द्वारा थाना प्रभारी व उनकी टीम को पुरुस्कृत करने की घोषणा की गई है।