स्मरण उत्सव के रूप में मनाई गई कर्मयोगी पंडित सत्येन्द्र पाठक की जन्म जयंती, सेवक के रूप में किए गए कार्यों के आंकलन के लिए चुनाव से पहले लेंगे जनादेश - संजय पाठक
कटनी (प्रबल सृष्टि) गरीब पीड़ित शोषित समाज के उद्धार एवं जरूरत मन्दों गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग करने के लिए याद किए जाने वाले पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कर्मयोगी स्वर्गीय पं.सत्येन्द्र पाठक की जन्म जयंती 7 अप्रैल को श्रद्धा और सम्मान के साथ स्मरण दिवस के रूप में विजयराघवगढ़ विधानसभा एवं कटनी में मनाई गई। इस अवसर पर पाठक वार्ड स्थित शांति निवास में उनके सुपुत्र, पूर्व मंत्री एवं विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने जनता दरबार आयोजित कर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए तत्परता दिखाई।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे संजय सत्येन्द्र पाठक अपने पूज्य पिता पं सत्येन्द्र पाठक के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात परिवारजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित कर समाज के लिए किए गए उनके योगदान याद किया। पूरे आयोजन में भावनात्मक माहौल देखने को मिला, जहां लोगों ने उनके जनसेवा से जुड़े कार्यों को स्मरण किया।
जनता दरबार में बड़ी संख्या में पहुंचे क्षेत्रवासियों की समस्याओं को संजय पाठक ने गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर उनके समाधान के निर्देश दिए। यह क्रम दोपहर 5 बजे तक निरंतर जारी रहा।
इसी क्रम में बरगवां के कटाए घाट मोड़ पर आरके मोटर्स के सामने शाम 6 बजे से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने भोजन प्रसादी ग्रहण किया।
जिले को जल्द मिलेगा सर्वसुविधायुक्त अस्पताल
मीडिया से चर्चा के दौरान संजय पाठक ने बताया कि उनके पूज्य पिता की स्मृति में जिला अस्पताल परिसर में बन रहा सर्वसुविधायुक्त अस्पताल भवन अब अंतिम चरण में है। निर्माण कार्य पूर्ण होते ही इसे अस्पताल प्रशासन को सौंप दिया जाएगा, जिसके बाद यह आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन आम जनता के लिए शीघ्र ही शुरू कर दिया जाएगा।
सेवक के रूप में किए गए कार्यों के आंकलन के लिए चुनाव से पहले लेंगे जनादेश
संजय सत्येन्द्र पाठक ने राजनीतिक बयान देते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व वे अगले कुछ माहों में विजयराघवगढ़ क्षेत्र में अपने स्तर पर जनमत प्राप्त करेंगे। जनसेवक के रूप में किए गए कार्यों के आंकलन के लिए उनके द्वारा विधानसभा क्षेत्र में कराए जा रहे कार्यों को जनता किस दृष्टि से परखती है उनके प्रति क्षेत्र की जनता का क्या मत है इसे जानने के लिए पुनः पारदर्शी रूप से जनता से जनादेश प्राप्त करेंगे जिसका सोशल मीडिया के माध्यम से सजीव प्रसारण किया जाएगा उन्होंने आगे कहा कि यदि उन्हें 51 प्रतिशत से कम समर्थन मिलता है, तो वे अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।
स्मरण उत्सव के इस आयोजन ने एक बार फिर स्व. पंडित सत्येन्द्र पाठक की जनसेवा और कर्मयोगी जीवनशैली को लोगों के बीच जीवंत कर दिया।




Comments
Post a Comment