मनोरंजन के साथ स्वास्थ्य को प्राथमिकता “राहगीरी डे” स्वच्छता जागरूकता एवं तनावमुक्त जीवन के लिए नगर निगम प्रशासन की अनूठी पहल, स्वच्छता की दिलाई गई शपथ
कटनी (प्रबल सृष्टि) शहर के जागृति पार्क का सम्पूर्ण परिसर रविवार को उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मकता से सराबोर नजर आया, जब नगर निगम प्रशासन द्वारा नवाचार के रूप में “राहगीरी डे” का आयोजन किया गया। मनोरंजन के साथ स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने वाले इस आयोजन ने नागरिकों को भाग-दौड़ भरी जिंदगी से राहत दिलाने का सशक्त संदेश दिया। कार्यक्रम में महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा खुले मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आनंदपूर्ण वातावरण का निर्माण किया।
कार्यक्रम में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार, मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष शिब्बू साहू, गोविंद चावला, मौसूफ अहमद बिट्टू, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर नीलम जगवानी, निशा तिवारी एवं जागृति पार्क के सचिव निरंजन पंजवानी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक उपस्थित रहे।
खेल, योग और जुंबा से बढ़ा उत्साह
राहगीरी डे के दौरान विभिन्न रोचक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें सांप-सीढ़ी, बोरा दौड़, पिट्टू, रस्साकशी, कैरम, शतरंज, म्यूजिकल चेयर, योगा और जुंबा प्रमुख रहे। इन गतिविधियों में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खुद को तनावमुक्त करते हुए स्वस्थ जीवनशैली की ओर कदम बढ़ाया। निगमायुक्त सुश्री परिहार ने भी सभी गतिविधियों में सहभागिता कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
रस्साकशी में महिलाओं का दमदार प्रदर्शन
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित रस्साकशी प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। महिला वर्ग और पुरुष वर्ग के बीच हुए मुकाबले में महिलाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी। वही विभिन्न चरणों में खुले आसमान और हरियाली के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता ने उपस्थित लोगों में जोश और उत्साह का संचार किया।
नुक्कड़ नाटक से स्वच्छता का संदेश
आयोजन के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नागरिकों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। अमानक प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए स्वच्छ शहर निर्माण में सहभागिता की अपील की गई। इस अवसर पर निगमायुक्त ने सभी उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।
जुंबा बना मुख्य आकर्षण
राहगीरी डे में जुंबा कार्यक्रम ने विशेष आकर्षण का रूप लिया। नेहा मोटवानी एवं उनकी टीम के संगीत पर महिलाएं, बच्चे और अन्य नागरिक थिरकते नजर आए। स्वयं निगमायुक्त ने भी इसमें भाग लेकर कार्यक्रम की ऊर्जा को और बढ़ाया। वही आयोजित योगा कार्यक्रम में भी नागरिकों ने सहभागिता कर स्वास्थ्य लाभ अर्जित किया।
प्रतिभागियों और स्वच्छता मित्रों का सम्मान
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को “स्वच्छता चैंपियन” सैश पहनाकर तथा तुलसी के पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। बच्चों को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया, वहीं स्वच्छता मित्रों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
स्वस्थ और तनावमुक्त शहर की ओर पहल
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने कहा कि राहगीरी डे का उद्देश्य नागरिकों को तनावमुक्त जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन और बेहतर रूप में किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया जा सके।
यह आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रभावी मंच भी सिद्ध हुआ।





Comments
Post a Comment