कटनी पुलिस की रीलबाजी, सोशल मीडिया में एक्शन, फील्ड में सुस्ती, पुलिस की बैठकों, आयोजन, घटना, कार्रवाई सहित अफसरों की कार में बैठकर बनाई जा रही रील
कटनी. जिले में हत्या, चोरी, लूट, डकैती, रेप, गैंगरेप, अपहरण जैसे बढ़ते संगीन अपराध पुलिस की चौकसी पर एक ओर जहां सवाल खड़े कर रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर पुलिस की मनमाफिक कार्यप्रणाली इन दिनों सुर्खियों में है। थाना प्रभारियों से लेकर चौकी प्रभारी व निचला स्टॉफ सामुदायिक पुलिसिंग को छोड़कर सब कुछ कर रही है। इन दिनों कटनी की पुलिस रियल की बजाय रील पर ज्यादा भरोसा कर रही है। स्थिति यहां तक आ बनी है कि पुलिस अब अपनी छवि को सुधारने व महिमा मंडन के लिए रीलबाजों का सहारा ले रही है। पुलिस की बैठकों से लेकर आयोजनों, घटना व कार्रवाई में रीलबाज पहले नजर आते हैं। खाकी पर चढ़े रील के चस्के का जिक्र जब अपराध समीक्षा करने पहुंचे डीआईजी के सामने आया तो वे भी मामले की जांच कराने की बात कहते हुए इसे सोशल मीडिया ट्रेंड बताया।
कराई जाएगी मामले की जांच
खाकी पर चढ़े रील के चस्के का जिक्र जब अपराध समीक्षा करने पहुंचे डीआईजी से किया गया तो उन्होंने जांच कराने की बात कही। मुख्यालय के निर्देशों का पालन कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पिछले साल पुलिस द्वारा बनाई जाने वाली रील पर प्रतिबंध लगाया गया है। डीआइजी को बताया गया कि कटनी में पुलिस ने रील बनाने के लिए एक युवक को हायर किया है।
यातायात थाने के मुद्दे पर 'नो कमेंट'
पुलिस अधीक्षक द्वारा कुछ माह पहले नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में आने वाले एनकेजे थाने को काटकर डीएसपी हेडक्वार्टर के पास कर दिया गया है। जो कई माह से चर्चाओं में हैं। इसके अलावा यातायात थाना की भी निगरानी सीएसपी के पास न होने का मुद्दा चर्चाओं में है। डीआइजी अतुल सिंह ने कहा कि कोई विशेष मामला है तो फिर इसमें एसपी से चर्चा की जाएगी।
बैठक में डीआइजी ने दिए ये निर्देश
पुलिस कंट्रोल रूम में शनिवार को पुलिस उप महानिरीक्षक जबलपुर रेंज अतुल सिंह ने अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा, एएसपी संतोष डेहरिया सहित जिले के समस्त एसडीओपी, थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। डीआईजी ने जिन मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी शेष है, उनमें संबंधित एसडीओपी एवं थाना प्रभारियों से जवाब तलब करते हुए शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराध समीक्षा बैठक के बाद डीआइजी अतुल सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम एवं साइबर सेल कार्यालय का निरीक्षण किया।


Comments
Post a Comment